छत्तीसगढ़

मजदूरों का पैसा गटक गया प्रबंधक, नहीं दे रहा 4 महीने की सैलरी

Nil dhankar
16 May 2023 12:51 PM IST
मजदूरों का पैसा गटक गया प्रबंधक, नहीं दे रहा 4 महीने की सैलरी
x
छग

गौरेला-पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में धान खरीदी केंद्र में काम कर रहे मजदूरों को 4 महीने से मजदूरी भुगतान नहीं किया गया है। इससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के बावजूद भी प्रशासन ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।

मिली जानकारी के अनुसार, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के जिला सहकारी समिति कोड़गार, बस्तीबगरा धान खरीदी केंद्र में इस वर्ष समर्थन मूल्य में धान खरीदी की गई। इस दौरान धान की रखवाली के लिए प्रबंधक ने चौकीदारी के लिए कुछ मजदूरों को रखा था। काम कराते हुए चार महीने बीत गए मगर अब तक उन्हें चौकीदारी की मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। मजदूरों ने आरोप लगाया है कि, तत्कालीन प्रबंधक ने राशि आहरण कर ली है। लेकिन आज तक मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। मजदूरों ने बताया कि, उन्हें प्रबंधकों ने 6 से 7 हजार रुपए महीने पर धान की सुरक्षा के लिए रखा था। लेकिन आज तक इसका भुगतान नहीं किया गया है, जबकि केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, मजदूरों के नाम से राशि का आहरण किया जा चुका है।

इस संबंध में मजदूरों ने उच्च अधिकारियों से भी शिकायत की है। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। अधिकारियों के मौन रवैया को देखते हुए मजदूर अब दर-दर भटक कर अपनी मजदूरी के भुगतान की गुहार लगा रहे हैं।

Next Story