खाट में बैठे शख्स बोले - कलेक्टर हूँ आपकी समस्याएँ सुनने आया हूँ, खिल उठे ग्रामीणों के चेहरे

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के सुदूरवर्ती ग्राम नकिया का दौरा किया। उन्होंने वहां पीवीटीजी (विशेष पिछड़ी जनजाति) परिवारों और ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर उनकी समस्याएँ सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया।
आम के पेड़ के नीचे खाट पर बैठकर कलेक्टर दुदावत ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने सहजता से अपना परिचय देते हुए कहा, "मैं कलेक्टर हूँ, आप मुझे पहचानते हैं न… मैं आपकी समस्याएँ सुनने आया हूँ।" उन्होंने गाँव की सुंदरता की सराहना की और राशन तथा महतारी वंदन योजना की राशि मिलने के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने कई माँगें रखीं। इनमें बाजार शेड का निर्माण,आश्रित ग्राम कोतरा डाँड़ तक सड़क, ग्राम खराखेत पारा में स्कूल भवन और आंगनबाड़ी, नकिया में विद्युतीकरण और प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित समस्याएँ शामिल थीं। कलेक्टर ने इन सभी माँगों का परीक्षण कर जल्द से जल्द पूरा करने का भरोसा दिलाया।
कलेक्टर ने ग्रामीणों को खेती-किसानी के लिए प्रोत्साहित किया और बोरवेल के माध्यम से पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कृ विज्ञानषि केंद्र के अधिकारियों को गाँव के किसानों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने बताया कि फरवरी माह का लंबित चावल मार्च में राशन दुकानों से उपलब्ध कराया जाएगा।





