
रायपुर। देश को नक्सलवाद मुक्त होने पर लोकसभा में 30 मार्च को विशेष चर्चा आयोजित की जाएगी। जिसमें केंद्र सरकार के अब तक के प्रयासों, सुरक्षा रणनीति और आगे की कार्ययोजना पर विस्तार से बात होगी। वहीं इस पर सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि, नक्सलमुक्त भारत का संकल्प पूर्ण होने जा रहा है। यह देश के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है, जिसको लेकर संसद में चर्चा होगी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह देश को विस्तृत जानकारी देंगे।
संसद में होने वाली यह चर्चा इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि केंद्र सरकार ने देश से नक्सलवाद के पूरी तरह खात्मे को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया है। बहस के दौरान नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे ऑपरेशन, सुरक्षा बलों की कार्रवाई, विकास कार्यों की स्थिति और स्थानीय स्तर पर सरकार की योजनाओं के प्रभाव जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है।
इस विशेष बहस पर राजनीतिक और सुरक्षा हलकों की नजर बनी हुई है। ऐसे में माना जा रहा है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी इस विषय पर सरकार का पक्ष रखते हुए विस्तृत जवाब दे सकते हैं। उनके जवाब में केंद्र की भविष्य की रणनीति और नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक अभियान को लेकर बड़ा संदेश सामने आ सकता है। केंद्र सरकार पहले ही कई बार स्पष्ट कर चुकी है कि उसका लक्ष्य देश के हर हिस्से से नक्सलवाद को खत्म करना है।





