
x
छग
Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा।बलौदा थाना क्षेत्र में सूने मकान में घुसकर बर्तन और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सिल्वर के बर्तन और लोहे की कढ़ाई समेत करीब 7 हजार रुपए का सामान बरामद किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, महामाया पारा ग्राम हरदी महामाया निवासी अनिल ने 9 सितंबर को बलौदा थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह दोपहर करीब 2 बजे अपने घर का दरवाजा बंद कर तालाब में नहाने गया था।
कुछ समय बाद जब वह वापस घर पहुंचा तो सामान गायब देखकर उसके होश उड़ गए। घर की रसोई में रखे सिल्वर के गंज, कढ़ाई और लोहे की कढ़ाई समेत अन्य बर्तन गायब थे। इसके साथ ही आलमारी में रखे 3,200 रुपए नकद भी नहीं मिले। इसके बाद उसने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
शिकायत के आधार पर बलौदा पुलिस ने अपराध क्रमांक 450/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 331(3) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जर्वे हरदी निवासी रामू वर्मा को घटना के समय शिकायतकर्ता के घर के आसपास घूमते देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने सूने मकान में घुसकर रसोई से गंज, लोहे की कढ़ाई, थाली, कटोरी और चम्मच के साथ आलमारी में रखी नकदी चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने नकदी खर्च कर दी थी, जबकि चोरी किए गए बर्तनों को अपने घर में बिस्तर के नीचे छिपाकर रखा था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए बर्तन बरामद कर लिए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 33 वर्षीय रामू वर्मा के रूप में हुई है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
Next Story





