मजदूर को मिला दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना का लाभ

बलौदाबाजार। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचने से आम जनमानस के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन दिखने लगा है। इसी कड़ी में जिले के ग्राम सकरी निवासी भूमिहीन मजदूर छन्नू लाल धीवर के लिए शासन की 'दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना' वरदान साबित हुई है। योजना का लाभ मिलने से उनके चेहरे खिल गए है।
छन्नू लाल अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए टेलरिंग के काम के साथ-साथ मजदूरी पर निर्भर हैं। स्वयं की भूमि न होने के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाए रखना उनके लिए हमेशा एक बड़ी चुनौती रही है।इस विकट परिस्थिति में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने छन्नू लाल जैसे मेहनतकश लोगों का हाथ थामा है। बीते 25 मार्च को मुख्यमंत्री ने सीधे हस्तांतरण के माध्यम से योजना की ₹10,000 की किश्त छन्नू लाल के बैंक खाते में जमा की।
इस राशि के प्राप्त होने से छन्नू लाल को न केवल आर्थिक संबल मिला है, बल्कि इससे उनकी दैनिक जरूरतों और सिलाई के काम को आगे बढ़ाने में भी बड़ी सहायता प्राप्त हुई है। समय पर मिली इस बड़ी आर्थिक मदद से हर्षित होकर छन्नू लाल धीवर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की यह योजना हम जैसे भूमिहीन परिवारों के लिए एक बड़ा सहारा है, जिससे हम सम्मानपूर्वक अपना जीवन व्यतीत कर पा रहे हैं।





