छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में गूंजेंगी आदिवासी वीरों की शौर्यगाथाएं; बस्तर से सरगुजा तक दिखेगी संस्कृति की झलक
Shubhra Nandy
12 Nov 2026 9:49 AM IST

x
धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय समारोह
रायपुर : जल, जंगल और जमीन से गहरे जुड़ाव, अदम्य साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले जनजातीय महानायकों की गौरवगाथाओं से छत्तीसगढ़ एक बार फिर गुंजायमान होगा। महान जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को प्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया जाएगा। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित होगा, जहां जनजातीय अस्मिता, सांस्कृतिक विरासत और स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी समाज के अतुलनीय योगदान की अनुपम झलक देखने को मिलेगी।
प्रदेश में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से जनजातीय समाज के संघर्ष, साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम की गाथाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही युवा पीढ़ी को आदिवासी संस्कृति, परंपरागत ज्ञान और गौरवशाली इतिहास से परिचित कराया जाएगा।
धरमजयगढ़ में दिखेगी जनजातीय विकास की बदलती तस्वीर
राज्य शासन के आदिम जाति विकास विभाग के सचिव द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि एवं संबद्ध विभाग, वन, ऊर्जा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा उद्योग एवं रोजगार विभाग सहित संबंधित विभाग अपने प्रदर्शनी स्टॉलों के माध्यम से जनजातीय समाज के हित में संचालित योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत करेंगे।
इन प्रदर्शनियों के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आजीविका, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की झलक देखने को मिलेगी। आम नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ ही जनजातीय समुदायों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे कार्यों को समझने का अवसर मिलेगा।
जनजातीय अस्मिता और गौरवशाली इतिहास को नई पहचान
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की भावना के अनुरूप मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय इतिहास, संस्कृति और परंपरागत ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में प्रयासरत है।
राज्य सरकार की इस पहल का उद्देश्य उन महान जनजातीय नायकों के संघर्ष, त्याग और राष्ट्रप्रेम की अमर गाथाओं को जन-जन तक पहुंचाना है, जिन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता और सामाजिक स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
जनजातीय गौरव दिवस केवल एक स्मृति दिवस नहीं, बल्कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के उन स्वर्णिम अध्यायों को राष्ट्रीय चेतना के केंद्र में स्थापित करने का अवसर है, जिनमें जनजातीय महानायकों के अदम्य साहस, नेतृत्व और बलिदान की अमिट गाथाएं अंकित हैं।
भगवान बिरसा मुंडा से वीर नारायण सिंह और गुंडाधुर तक, शौर्य की अमर विरासत
भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के अनेक जनजातीय वीरों ने औपनिवेशिक शासन, अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष करते हुए स्वतंत्रता आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान की थी। उनका साहस और संघर्ष आज भी राष्ट्रप्रेम तथा सामाजिक स्वाभिमान की प्रेरणा देता है।
छत्तीसगढ़ की धरती भी ऐसे महान जनजातीय वीरों की शौर्यगाथाओं से समृद्ध है। शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर और अन्य जनजातीय महानायकों का संघर्ष प्रदेश के गौरवशाली इतिहास की अमूल्य धरोहर है। जनजातीय गौरव सप्ताह के माध्यम से इन वीरों की संघर्षगाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा। विद्यार्थियों को उनके साहस, सामाजिक न्याय, राष्ट्रभक्ति और मातृभूमि के प्रति समर्पण से परिचित कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
11 से 18 नवंबर तक शिक्षण संस्थानों में गूंजेंगी जनजातीय वीरों की गाथाएं
जनजातीय गौरव सप्ताह को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से राज्य शासन ने प्रदेश के शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
इन कार्यक्रमों में जनजातीय महापुरुषों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, जनजातीय इतिहास, लोकसंस्कृति और परंपरागत ज्ञान पर आधारित निबंध लेखन, भाषण, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां शामिल होंगी।
विशेष रूप से माध्यमिक स्तर और उससे ऊपर के विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर जनजातीय समाज की जीवनशैली, प्रकृति के साथ उसके गहरे संबंध, सामुदायिक परंपराओं, लोककला और ऐतिहासिक योगदान को समझने का अवसर मिलेगा। इसके लिए जनजातीय इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से संबंधित साहित्य के संकलन एवं वितरण के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
बस्तर से सरगुजा तक, आदिवासी संस्कृति की अनमोल धरोहर
छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति अपनी विशिष्ट परंपराओं, लोकगीतों, लोकनृत्यों, हस्तशिल्प, पारंपरिक ज्ञान और प्रकृति संरक्षण की जीवनदृष्टि के कारण देशभर में विशेष पहचान रखती है। बस्तर से सरगुजा तक फैली जनजातीय सांस्कृतिक विविधता प्रदेश की अमूल्य धरोहर है। जनजातीय समाज की जीवनशैली, सामुदायिक परंपराएं और प्रकृति के साथ सामंजस्य की भावना इस गौरवशाली विरासत को विशिष्ट बनाती हैं।
जनजातीय गौरव सप्ताह के माध्यम से इस समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन और नई पीढ़ी तक हस्तांतरण का संदेश दिया जाएगा। यह आयोजन जनजातीय समाज की पहचान और परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना को और सशक्त बनाने का अवसर होगा।
विभागों को समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने के निर्देश
राज्य शासन ने जनजातीय गौरव दिवस और गौरव सप्ताह के आयोजन को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। राज्य स्तरीय समारोह में विभागीय प्रदर्शनी स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं और उपलब्धियों का आकर्षक प्रस्तुतिकरण किया जाएगा। इसके साथ ही शिक्षण संस्थानों में आयोजित गतिविधियों का सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। संबंधित विभागों और संस्थानों को कार्यक्रमों के प्रतिवेदन तथा छायाचित्र उपलब्ध कराने के लिए भी निर्देशित किया गया है। जनजातीय स्वाभिमान से राष्ट्रनिर्माण तक, गौरव दिवस देगा एकता का संदेश
छत्तीसगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन सांस्कृतिक अस्मिता और राष्ट्रीय एकता के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में महत्वपूर्ण होगा। यह अवसर जनजातीय वीरों के बलिदान को नमन करने के साथ ही उनके संघर्ष और राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा लेने का भी है।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस और गौरव सप्ताह के माध्यम से सामाजिक समरसता, समावेशी विकास और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में जनजातीय समाज की भागीदारी को और सशक्त बनाने का संदेश दिया जाएगा।
जनजातीय समाज का इतिहास केवल संघर्ष और बलिदान की गाथा नहीं, बल्कि भारत की सभ्यता, संस्कृति, स्वाभिमान और राष्ट्रनिर्माण की अमूल्य विरासत है। इस विरासत का सम्मान, संरक्षण और संवर्धन विकसित भारत तथा विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को सार्थक बनाने की महत्वपूर्ण आधारशिला है।
Next Story





