
x
छग
Chhattisgarh छत्तीसगढ़: कोरिया जिले के चरचा थाना क्षेत्र स्थित गेज बांध में एक युवक का शव तैरता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने बांध में शव देखकर पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही चरचा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाकर मामले की जांच शुरू की।
मृतक की पहचान बैकुंठपुर थाना क्षेत्र की रामपुर कॉलोनी निवासी राकेश गुप्ता के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार राकेश रक्षाबंधन का त्योहार मनाने अपनी बहन के घर आया हुआ था। बताया जा रहा है कि वह अपने कुछ दोस्तों के साथ गेज बांध की ओर गया था। आशंका जताई जा रही है कि बांध में नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी में युवक के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है। हालांकि घटना के समय वास्तव में क्या हुआ और युवक किन परिस्थितियों में पानी में डूबा यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय बैकुंठपुर भेज दिया। पुलिस मृतक के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि राकेश बांध में अकेले उतरा था या घटना के समय उसके साथ अन्य लोग भी मौजूद थे। चरचा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल प्रारंभिक रूप से नहाने के दौरान डूबने की आशंका जताई जा रही है।
Next Story





