छत्तीसगढ़

स्टूडेंट्स का भविष्य संवार रहा ज्ञानगुड़ी संस्था, एसएससी-रेलवे भर्ती परीक्षाओं की तैयारी भी

Nil dhankar
2 Aug 2026 12:46 PM IST
स्टूडेंट्स का भविष्य संवार रहा ज्ञानगुड़ी संस्था, एसएससी-रेलवे भर्ती परीक्षाओं की तैयारी भी
x

बस्तर। जगदलपुर में स्थित ज्ञानगुड़ी संस्था में अब नीट, नर्सिंग और पीएटी के साथ-साथ एसएससी, छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल और रेलवे भर्ती परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी। इसके लिए जगदलपुर में प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 120 सीटों के लिए 179 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।

कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर ज्ञानगुड़ी के दायरे का विस्तार किया गया है। इसके तहत अब युवाओं को एसएससी, छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल और रेलवे जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य स्थानीय युवाओं को सरकारी नौकरियों की तैयारी के लिए बेहतर अवसर देना है।

ग्रेजुएशन स्तर के विद्यार्थियों के चयन के लिए जगतू माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जगदलपुर में प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में 120 सीटों के लिए कुल 179 अभ्यर्थी शामिल हुए।

परीक्षा के संचालन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने प्राचार्य रामकुमार बघेल और ज्ञानगुड़ी प्रभारी अलेक्जेंडर एम. चेरियन को जिम्मेदारी सौंपी थी। परीक्षा का आयोजन निर्धारित व्यवस्था के अनुसार किया गया। जिला प्रशासन का कहना है कि ज्ञानगुड़ी के विस्तार से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को अब अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी स्थानीय स्तर पर मंच मिलेगा, जिससे उन्हें रोजगार संबंधी अवसरों में मदद मिल सकेगी। इससे पहले नीट एग्जाम में 47 बच्चों ने क्वालीफाई किया था।


Next Story