बाबा साहेब का अपमान करने वाली लड़की गिरफ्तार, दुर्ग रायपुर और राजनांदगांव में हो रहा था प्रदर्शन

रायपुर। सोशल मीडिया पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है, जिसे लेकर रायपुर, भिलाई, राजनांदगांव में आक्रोश का माहौल है। रविवार को राजधानी में भारतीय बौद्ध महासभा के पदाधिकारी सिविल लाइन थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, भिलाई में भी लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। अलग-अलग संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भिलाई नगर थाने पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए युवती के खिलाफ एक्शन की मांग की। इसके अलावा राजनांदगांव में भी लोगों ने थाने का घेराव किया। हालांकि मामले में पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, भिलाई के वैशाली नगर की रहने वाली अनामिका उपाध्याय ने सोशल मीडिया पर डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की थी। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी है।
रविवार को बड़ी संख्या में समाज के लोग भिलाई नगर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कई महिलाएं भी थाने के अंदर पहुंच गईं और जमकर नारेबाजी की।
आरोप है कि युवती लगातार सोशल मीडिया पर एक समाज को टारगेट कर वीडियो बना रही है, उसने बाबा साहेब के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया है।





