छत्तीसगढ़

नलों की धार पतली, टैंकर से पूरी नहीं हो रही पानी की जरूरत...

Nilmani Pal
6 Jun 2023 5:19 AM GMT
नलों की धार पतली, टैंकर से पूरी नहीं हो रही पानी की जरूरत...
x

मटकी लेकर निगम दफ्दर पहुंची भाजपा की महिला पार्षद, गेेट पर दिया धरना

जसेरि रिपोर्टर

रायपुर। सोमवार को रायपुर के नगर निगम मुख्यालय के बाहर हंगामा देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी के तमाम पार्षदों ने घेराव कर दिया। नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे के नेतृत्व में यह सभी निगम मुख्यालय पहुंचे और महापौर एजाज ढेबर, निगम कमिश्नर मयंत चर्तुवेदी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। मुद्दा शहर के बहुत से इलाकों में पानी की समस्या, सफाई, सड़कों के मेंटेनेंस से जुड़ा हुआ था। भाजपा पार्षदों ने कहा कि लगातार इन मामलों में नगर निगम की लापरवाही की वजह से जनता परेशान हो रही है। इसी बात का विरोध करने हम पहुंचे हैं। भाजपा पार्षदों से निगम के अफसरों ने मिलने से इंकार कर दिया इसके बाद विवाद और बढ़ गया। मटकियां और पानी के दूसरे स्टील के बर्तन लेकर महिला भाजपा पार्षद निगम निगम मुख्यालय में आईं थीं।

कुछ मटकियों को यहीं तोड़कर और बर्तन पीटकर महिलाओं ने विरोध जताया। नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे ने ऐलान कर दिया कि यहीं बैठ कर धरना देंगे। मिनल चौबे ने कहा कि जब तक निगम के अधिकारी आकर हमसे मुलाकात नहीं करते हम यहां से हटने वाले नहीं। आयुक्त को यहां आकर लोगों की समस्याएं सुननी चाहिए मगर उन्हें फुर्सत नहीं, हम भी यहां से हटने वाले नहीं हैं ।यहां तक कि भाजपा पार्षदों ने दोपहर का खाना भी निगम मुख्यालय गेट के बाहर बैठकर ही खाया। फिर धरना प्रदर्शन और नारेबाजी में जुट गए भाजपा का कहना है कि गर्मी के दिनों में शहर की जनता को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। डीडी नगर, समता कॉलोनी जैसे कई हिस्से हैं जहां नलों से आने वाली पतली धार के कारण टैंकरों से पानी की सप्लाय की नौबत है। पार्षद मृत्युंजय दुबे ने कहा कि, डंगनिया, सुन्दर नगर, लाखेनगर, अश्विनी नगर, हनुमान नगर, पुरानी बस्ती, चन्द्रशेखर नगर, चंगोराभाठा, ब्राम्हण पारा, समता कॉलोनी, चौबे कॉलोनी, रामनगर, गुढिय़ारी, खम्हारडीह, शंकर नगर क्षेत्र के हजारों घरों में ठीक से पानी नहीं मिल रहा है। पिछले 15 दिनों से डंगनिया क्षेत्र से अमृत मिशन की पाइप लाइनों से शाम का पानी दिया जा रहा है। कई जगहों में तो 5 से 10 मिनट में ही नल बन्द हो रहा है। इसी तरह चंगोराभाठा, अमलीडीह, फाफाडीह, लाभांडी क्षेत्र में नियमित रूप से सुबह शाम टैंकरों के माध्यम से आम जनता पानी भरने को मजबूर है। भाजपा का कहना है कि गर्मी के दिनों में शहर की जनता को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है।

Next Story