छत्तीसगढ़

जिले में संभागीय संयुक्त संचालक द्वारा कोषालय का ऑडिट का किया निरीक्षण

Shantanu Roy
11 Jun 2026 7:41 PM IST
जिले में संभागीय संयुक्त संचालक द्वारा कोषालय का ऑडिट का किया निरीक्षण
x
छग
Mahasamund. महासमुंद। जिला कोषालय महासमुंद में बुधवार को संभागीय संयुक्त संचालक कोष लेखा एवं पेंशन, रायपुर द्वारा ऑडिट और निरीक्षण कार्य किया गया। इस दौरान संयुक्त संचालक महेश कुमार शाकल्ले ने कोषालय के विभिन्न अभिलेखों, पंजियों और विभागीय कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य कोषालय की कार्यप्रणाली, वित्तीय रिकॉर्ड और प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा करना था। निरीक्षण के दौरान कोषालय में संचालित सभी कार्यों की बारीकी से जांच की गई।

अभिलेखों के संधारण, फाइल प्रबंधन, वित्तीय लेन-देन की प्रक्रिया और विभागीय कार्यप्रणाली को देखा गया। निरीक्षण के बाद सभी कार्य संतोषप्रद पाए गए और किसी प्रकार की गंभीर अनियमितता सामने नहीं आई। संयुक्त संचालक महेश कुमार शाकल्ले ने कोषालय की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि यहां रिकॉर्ड प्रबंधन और अभिलेख संधारण व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता को और अधिक मजबूत किया जाए, ताकि प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की देरी या त्रुटि न हो। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी वित्तीय व्यवस्था में कोषालय की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

इसलिए सभी प्रक्रियाओं का सही तरीके से पालन आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि कोषालय के कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कर रहे हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ कोषालय अधिकारी संजय कुमार चौधरी सहित कोषालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने निरीक्षण टीम के साथ सहयोग करते हुए आवश्यक दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध कराई। निरीक्षण के अंत में संयुक्त संचालक ने टीम को आगे भी इसी प्रकार कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने और तकनीकी सुधारों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रणाली और नियमित समीक्षा से कार्य प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। यह निरीक्षण कोषालय की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने और वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Next Story