छत्तीसगढ़

बंद कमरें में मिली बुजुर्ग महिला की 20 दिन पुरानी सड़ी-गली लाश, फैली सनसनी

Shantanu Roy
27 Dec 2025 9:31 PM IST
बंद कमरें में मिली बुजुर्ग महिला की 20 दिन पुरानी सड़ी-गली लाश, फैली सनसनी
x
छग
Jashpur/Kunkuri. जशपुर/कुनकुरी। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी नगर से एक बेहद चौंकाने और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला का सड़ा-गला शव उसके ही किराए के मकान के कमरे से बरामद किया गया है। हैरानी की बात यह है कि महिला की मौत लगभग 20 दिन पहले हो चुकी थी, लेकिन उसका बेटा इस बात को छिपाए रहा और शव को कमरे में बंद कर सामान्य रूप से बाहर घूमता रहा। कमरे से उठ रही तेज बदबू के बाद इस घटना का खुलासा हुआ। मामला
कुनकुरी थाना
क्षेत्र के रेमते रोड स्थित एक किराए के मकान का है। पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय प्रवीण खलखो अपनी मां सबीना खलखो के साथ यहां रहता था। सबीना खलखो लंबे समय से बीमार थीं और लकवा (पैरालिसिस) से पीड़ित थीं। 6 दिसंबर 2025 को उनकी मौत हो गई थी, लेकिन प्रवीण ने न तो इसकी सूचना मकान मालिक को दी और न ही किसी रिश्तेदार या पुलिस को। बताया जा रहा है कि प्रवीण मां के शव को कमरे में ही छोड़कर बाहर घूमता रहता था।

इस दौरान शव पूरी तरह सड़-गल चुका था। 26 दिसंबर को मकान के फर्स्ट फ्लोर से तेज दुर्गंध आने लगी, जिससे पड़ोसियों को शक हुआ। पड़ोसियों ने इसकी जानकारी मकान मालिक दिलीप कुमार कुजूर को दी। मकान मालिक दिलीप कुमार कुजूर ने बताया कि घर में पुताई का काम चल रहा था। उन्होंने संबंधित कमरे की पुताई को लेकर प्रवीण को मैसेज किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। दोपहर करीब 2 बजे जब खिड़की की सफाई की जा रही थी, तभी कमरे से तेज बदबू महसूस हुई। इसके बाद उन्होंने बुजुर्ग महिला के भाई-बहन और वार्ड पार्षद को बुलाया और अनहोनी की आशंका पर तुरंत कुनकुरी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदेहास्पद कमरे का ताला तोड़ा गया। कमरे के अंदर बुजुर्ग महिला सबीना खलखो का शव पड़ा मिला, जो बुरी तरह सड़-गल चुका था।

पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच में सामने आया कि मृतका सबीना खलखो, मारियानुस खलखो की पत्नी थीं और मूल रूप से थाना दुलदुला क्षेत्र के सराईटोली कस्तूरा की रहने वाली थीं। पति की मौत के बाद वह पिछले ढाई साल से अपने बेटे प्रवीण खलखो के साथ कुनकुरी के इस किराए के मकान में रह रही थीं। कुनकुरी थाना प्रभारी राकेश यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया यह मामला प्राकृतिक मृत्यु का प्रतीत होता है, लेकिन घटना की गंभीरता को देखते हुए मर्ग कायम कर विस्तृत जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

पुलिस ने बेटे प्रवीण खलखो को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रवीण की मानसिक स्थिति भी पूरी तरह सामान्य नहीं बताई जा रही है। वह अविवाहित है और पहले डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था, लेकिन कुछ समय पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी और घर पर ही रहने लगा था। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि मां की मौत की सूचना छिपाना केवल मानसिक स्थिति और लापरवाही का परिणाम था या इसके पीछे कोई और कारण मौजूद है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि कानूनी रूप से बेटे की भूमिका किस श्रेणी में आती है। इस घटना ने पूरे कुनकुरी नगर को झकझोर कर रख दिया है। पड़ोसियों और स्थानीय लोगों में भी इस बात को लेकर हैरानी है कि 20 दिनों तक एक कमरे में शव पड़ा रहा और किसी को भनक तक नहीं लगी। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
Next Story