छत्तीसगढ़

रायगढ़ में विकास कार्यों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, यातायात व नागरिक सुविधाओं पर फोकस

Shantanu Roy
1 Jan 2026 7:29 PM IST
रायगढ़ में विकास कार्यों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, यातायात व नागरिक सुविधाओं पर फोकस
x
छग
Raigarh. रायगढ़। शहर के सुव्यवस्थित विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने आज विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव, पार्किंग समस्या और आम नागरिकों की आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ अहम स्थलों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चतुर्वेदी के साथ पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय एवं नगर निगम की तकनीकी टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने सबसे पहले शहर के प्रस्तावित ट्रक पार्किंग स्थल का अवलोकन किया। कलेक्टर ने कहा कि ट्रकों के अव्यवस्थित खड़े होने से शहर में जाम की समस्या उत्पन्न होती है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने निर्देश दिए कि ट्रक पार्किंग स्थल को सुव्यवस्थित तरीके से विकसित किया जाए, ताकि भारी वाहनों के लिए अलग व्यवस्था सुनिश्चित हो सके और शहर के भीतर यातायात सुचारू रहे। इसके पश्चात कलेक्टर ने पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षित आवागमन की समुचित व्यवस्था होना आवश्यक है। कलेक्टर ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि बस स्टैंड को आधुनिक सुविधाओं से युक्त करते हुए यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाया जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे एक महत्वपूर्ण स्थल का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि शहर की बढ़ती व्यावसायिक आवश्यकताओं और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए इस क्षेत्र को थोक बाजार या अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए विकसित किए जाने की संभावनाओं पर विचार किया जाए। इससे न केवल शहर की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य सुनियोजित और चरणबद्ध तरीके से किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं को लागू करते समय आम नागरिकों की सुविधा सर्वोपरि होनी चाहिए। साथ ही यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखकर कार्य किया जाए, ताकि शहर का विकास संतुलित और व्यवस्थित रूप से हो सके।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने यातायात व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों पर जानकारी दी, वहीं नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने प्रस्तावित विकास कार्यों की रूपरेखा से अवगत कराया। कलेक्टर ने सभी विभागों के बीच समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर दिया। कलेक्टर के इस निरीक्षण को शहर के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे न केवल यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है, बल्कि नागरिकों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकेंगी।
Next Story