छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने किया जिले के शैक्षणिक संस्थाओं का आकस्मिक निरीक्षण

Shantanu Roy
7 Jan 2026 11:55 PM IST
कलेक्टर ने किया जिले के शैक्षणिक संस्थाओं का आकस्मिक निरीक्षण
x
छग
Dantewada. दंतेवाड़ा। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने बुधवार को जिले के विभिन्न शैक्षणिक एवं अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छू लो आसमान, एजुकेशन सिटी, स्विमिंग पुल, क्रिकेट ग्राउंड तथा बड़े कारली स्थित पूरक पोषण आहार यूनिट (रेडी-टू -ईट) का अवलोकन किया। कलेक्टर ने निरीक्षण की शुरुआत छू लो आसमान संस्थान से की, जहां उन्होंने अध्ययनरत छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं शैक्षणिक तैयारियों की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान में लाइब्रेरी एवं रीडिंग रूम के निर्माण के निर्देश दिए तथा जेईई एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु विभिन्न लेखकों की पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने छात्राओं के
सर्वांगीण
विकास पर जोर देते हुए कॉमन हेल्थ, मानसिक स्वास्थ्य एवं बच्चों की नियमित काउंसलिंग कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर विशेष उपलब्धि प्राप्त व्यक्तियों के माध्यम से मार्गदर्शन एवं प्रेरक काउंसलिंग सत्र आयोजित करने तथा सप्ताह में एक दिन छात्राओं को जिले के विभिन्न स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण करवाने के निर्देश भी दिए, ताकि उनमें आत्मविश्वास एवं आगे बढ़ने की प्रेरणा विकसित हो सके। कलेक्टर ने एजुकेशन सिटी स्थित आस्था इंग्लिश मीडियम स्कूल जावंगा का निरीक्षण किया।

उन्होंने शाला परिसर का भ्रमण करते हुए विभिन्न कक्षाओं एवं साइंस लैब का अवलोकन किया। संस्था में दर्ज विद्यार्थियों को मानक (नॉर्म्स) के अनुरूप कक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आवश्यक आधारभूत संरचना निर्माण को लेकर चर्चा कर सहमति व्यक्त की गई। कलेक्टर ने आस्था जावंगा में कक्षाओं एवं आवासीय व्यवस्था के विस्तार तथा शिक्षकों की भर्ती के भी निर्देश दिए, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। इसी क्रम में कलेक्टर ने खेल मानकों के अनुरूप निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम एवं स्विमिंग पूल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्रिकेट स्टेडियम में शेड, पवेलियन, गैलरी, बाउंड्रीवाल निर्माण तथा स्टेडियम में लाइटिंग व्यवस्था के संबंध में
आवश्यक
दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ध्रुव ने बड़े कारली स्थित रेडी टू ईट यूनिट का भी अवलोकन किया। यह रेडी टू ईट यूनिट उमंग क्षेत्रीय स्तरीय संघ मां दंतेश्वरी स्व सहायता समूह द्वारा संचालित की जा रही है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने यूनिट की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं समूह की महिलाओं से विस्तृत चर्चा की। कलेक्टर ध्रुव ने यूनिट का निरीक्षण कर कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने रेडी टू ईट फूड की पैकेजिंग की गुणवत्ता, निर्धारित मानकों के अनुसार खाद्य सामग्री की मात्रा तथा स्वच्छता एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उत्पादित रेडी टू ईट फूड पौष्टिक, सुरक्षित एवं गुणवत्ता युक्त होना चाहिए, जिससे लाभार्थियों को इसका पूर्ण लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान स्व सहायता समूह द्वारा यूनिट परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की मांग रखी गई। इस पर कलेक्टर ने मांगों पर विचार कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Next Story