ठंड से कंपकंपी बढ़ी, कोहरा और ओस के चलते नहीं दिख पा रही सड़क

रायपुर। छत्तीगसढ़ में फिलहाल कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के ऐसे कई इलाके हैं जहां हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। राजधानी के साथ-साथ बिलासपुर, पेंड्रा समेत जिले के आसपास के क्षेत्रों में शीतलहर का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। कड़ाके की ठंड की वजह से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। प्रदेश में पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच मौसम विभाग ने कुछ जिलों में तापमान में और गिरावट आने के साथ कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने 20 दिसंबर को प्रदेश की राजधानी रायपुर समेत कबीरधाम, राजनांदगांव, दुर्ग,कोरिया, बिलासपुर, कोरबा, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, गौरेला-पेंड्रा- मरवाही,बिलासपुर, मुंगेली और बालोद में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है।
आपको बता दें कि, ठंड ने कंपकंपी बढ़ा दी है। शहर में सुबह-सुबह शीतलहर के साथ कोहरा और ओस की चादर सड़कों पर दिखाई देती है। फिलहाल बढ़ती ठंड को देखते हुए स्थानीय लोगों ने अलाव की व्यवस्था करने की मांग की है, जबकि कई इलाकों में लोग खुद अलाव जला रहे हैं।





