छत्तीसगढ़

कार हो गया कबाड़, अब ठगबाज चढ़ा पुलिस के हत्थे

Nilmani Pal
2 March 2022 9:12 AM GMT
कार हो गया कबाड़, अब ठगबाज चढ़ा पुलिस के हत्थे
x

बिलासपुर। ओएलएक्स पर कार को कम कीमत पर बेचने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाले को चकरभाठा पुलिस ने मुंबई के बोरीवली से गिरफ्तार किया है। आरोपित को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया है। तिफरा में रहने वाले व्यवसायी की चकरभाठा में दुकान है। उन्होंने 2020 में ओएलएक्स में मर्सिडीज बेंज कार का विज्ञापन देखा। कार पसंद आने पर वे मुंबई जाकर कार के मालिक पुरषोत्तम बदलानी(41) निवासी बोरिवली मुंबई से मिले। कार का सौदा तय होने के बाद उन्होंने दो लाख 20 हजार स्र्पये देकर कार अपने साथ ले आए।

इस दौरान आरोपित ने उन्हें बताया कि कार का नाम ट्रांसफर और रजिस्ट्रेशन जल्द करा देगा। इसके बाद आरोपित रजिस्ट्रेशन और नाम ट्रांसफर कराने के नाम पर टालमटोल करने लगा। बाद में व्यवसायी को पता चला कि आरोपित पुरषोत्तम ने धोखाधड़ी कर कार को हथिया लिया था। इसके बाद उनके पास बेचा है। उन्होंने इसकी शिकायत चकरभाठा थाने में की। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही थी। इस बीच पुलिस को पता चला कि आरोपित के खिलाफ मुंबई पुलिस के पास भी शिकायत है। इस पर चकरभाठा पुलिस ने आरोपित के ठिकाने पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को ट्रांजिट रिमांड पर शहर लाकर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

पीड़ित ने बताया कि कार को लाने के बाद उसका नाम ट्रांसफर और बीमा समेत अन्य दस्तावेज नहीं थे। इसके कारण वे कार को चला नहीं पा रहे थे। कार उनके घर में ही खड़े रहकर कबाड़ में तब्दील हो गई। कार लगभग 20 साल पुरानी है। इसके कारण उसके अन्य दस्तावेज भी तैयार नहीं हो पाया। आरोपित ने सारे दस्तावेज एक महीने के भीतर ही बनवाकर देने का वादा किया था। इसी आधार पर वे कार अपने साथ लेकर आ गए थे। लेकिन कई महीने तक दस्तावेज नहीं मिलने पर उन्होंने थाने में शिकायत की थी।


Next Story