
एक दर्जन से ज्यादा बदमाश गिरफ्तार
जसेरि रिपोर्टर
रायपुर। राजधानी में त्योहार की रात रविवार को शहर के आधा दर्जन इलाकों में आपसी विवाद में जमकर मारपीट हुई। 3 घंटे के भीतर दो युवकों की हत्या हो गई और दो अन्य युवकों पर जानलेवा हमला हो गया। घटना के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। एक दर्जन से ज्यादा बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनसे चाकू, ब्लेड और तलवार जब्त की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि खमतराई सोनिया नगर में जयप्रकाश डेहरे उर्फ भक्कू (25) परिवार के साथ रहता था। वह मजदूरी करता था। रविवार रात 10 बजे वह अपने साथी लक्ष्मीनारायण ध्रुव के साथ शराब पार्टी कर रहा था। जहां दोनों के बीच विवाद हो गया। जयप्रकाश अपने घर आ गया। फिर एक घंटे बाद घर से फिर निकल गया। उसके बाद लौटकर नहीं आया। सोमवार सुबह 6.30 बजे नहर के पास उसका शव मिला। पत्थर से उसके सिर को कुचला गया है और धारदार हथियार से हमला किया गया। घटना के बाद से लक्ष्मीनारायण घर से गायब था। पुलिस को उस पर शक हुआ तो तलाश शुरू की। लक्ष्मी अपने रिश्तेदार के यहां छिपा हुआ था। जहां छापा मारकर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर लिया। पैसों को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था। दोनों में मारपीट हुई तो उसने हत्या कर दी। दूसरी घटना खमतराई सेंधवार तालाब की घटना है। जहां पर सोमवार सुबह सब्जी कारोबारी कोमल साहू उर्फ लालू (25) का शव मिला है। वह रविवार रात 10 बजे घर से निकला था। उसके बाद लौटकर नहीं आया था। रातभर गायब था। सुबह शव मिला। कोमल की बेरहमी से हत्या की गई। धारदार हथियार से गले में हमला किया गया है। पुलिस ने कोमल के तीन साथियों को हिरासत में लिया गया है, जिन पर हत्या का शक है। दो हत्या से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। लोगों में काफी आक्रोश है।
कमेंट्स पर विवाद, फिर चाकूबाजी
वीआईपी रोड के एक रेस्टोरेंट के सामने युवक पर चाकू से हमला हो गया। पंडरी निवासी इशाक अली अपने साथियों के साथ रेस्टोरेंट गया था। गाड़ी से उतरते समय इशाक की शर्ट फट गई। वहां खड़े कुछ लोगों ने कमेंट्स किए। इससे आरोपियों के साथ उसका विवाद हो गया।
पुरानी रंजिश में घेरकर मारा
आमापारा तालाब के पास पुरानी रंजिश में रविवार रात 10 बजे धर्मेंद्र निर्मलकर उर्फ भुरू (27) पर हमला हो गया। समता कॉलोनी के दीपक दास उर्फ पांडू से उसका पुरानी विवाद था। रविवार रात दीपक को धर्मेंद्र दिख गया। पुरानी बातों को लेकर उनके बीच फिर विवाद हो गया। दीपक ने अपने साथियों को बुला लिया। सभी लाठी-डंडा से लैस होकर पहुंचे थे और घेरकर धर्मेंद्र की जमकर पिटाई की। दीपक ने चाकू से हमला कर दिया। धर्मेंद्र को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को बलवा और चाकूबाजी में गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा टिकरापारा, उरला समेत कई जगह पर रात में विवाद की सूचना थी।





