
राजनांदगांव। राजनांदगांव की इंदामरा स्थित अलअजीज मस्जिद इन दिनों रमजान की रौनक से सजी हुई है। मध्य भारत की इस खूबसूरत मस्जिद में रोजाना 700 से अधिक रोजेदार एक साथ इफ्तार करते हैं। आईबी ग्रुप की ओर से रोजेदारों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इफ्तार में खजूर, फल, शरबत और पकौड़े सहित पारंपरिक व्यंजन परोसे जाते हैं। ग्रुप का मानना है कि कोई भी रोजेदार मुफलिसी में अपना रोजा न खोले।
मस्जिद की खूबसूरती के कारण राजनांदगांव के अलावा दुर्ग, भिलाई और रायपुर से भी लोग यहां आते हैं। यह मस्जिद अब देशभर में मशहूर हो रहा है। यहां महिलाओं के लिए अलग से नमाज की व्यवस्था है। रमजान के इस पवित्र महीने में सैकड़ों मुस्लिम भाई तरावीह की विशेष नमाज अदा कर रहे हैं। यह सामूहिक इफ्तार केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं है। यह भाईचारे और एकता का संदेश भी देता है।
रमजान इस्लाम धर्म में आत्मसंयम, दान और इबादत का महीना माना जाता है। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोग सूर्योदय से सूर्यास्त तक रोजा रखते हैं। शाम को इफ्तार के समय वे अपना उपवास खोलते हैं।





