
x
छत्तीसगढ़
Gariaband गरिएबंद: जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर की मांग को लेकर एक राष्ट्रपति दत्तक पुत्र दंपती का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दंपती जिला पंचायत सीईओ के सामने दंडवत होकर आवास की गुहार लगाते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार कमार जनजाति से आने वाले दंपती पवन सिंह और उनकी पत्नी सुकदी बाई लंबे समय से पक्का घर पाने के लिए आवेदन कर रहे थे, लेकिन उन्हें आवास नहीं मिला। इसी से परेशान होकर वे देवभोग जनपद क्षेत्र के माडागांव में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में पहुंचे।
शिविर के दौरान दंपती ने जिला पंचायत सीईओ Prakhar Chandraakar के सामने अपनी समस्या रखते हुए दंडवत प्रणाम किया और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर की मांग की। इस भावुक दृश्य का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
दंपती का कहना था कि कई बार आवेदन देने के बावजूद उन्हें पक्का मकान नहीं मिल सका है और वे आज भी झोपड़ी में रहने को मजबूर हैं।
घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए 24 घंटे के भीतर आवास निर्माण के लिए ढाई लाख रुपये की स्वीकृति, साथ ही राशन कार्ड और जॉब कार्ड जारी करने की प्रक्रिया पूरी की। अधिकारियों ने स्वयं उनके घर पहुंचकर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि सभी मामलों की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला अब जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Next Story





