अर्धनग्न होकर आरोपी ने पुलिस टीम को धमकाया, गिरफ्तारी से बचने किया ड्रामा

रायपुर। राजधानी के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में बीती रात एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां उड़ीसा से आई पुलिस टीम के साथ आरोपी और उसके साथियों द्वारा बदसलूकी की गई। जानकारी के अनुसार, उड़ीसा पुलिस एक युवती की शिकायत पर दर्ज यौन शोषण मामले में आरोपी योगेश जायसवाल, ब्लॉक नंबर 6 सिंगापूर सिटी को नोटिस देने रायपुर पहुंची थी। आरोपी योगेश जायसवाल जो खुद को बाइक राइडर बताता है, के खिलाफ पहले से मामला दर्ज था।
जब उड़ीसा पुलिस की टीम आरोपी को पकड़ने के लिए सरस्वती नगर इलाके स्थित सिंगापुर सिटी पहुंची, तब आरोपी और उसके साथ मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी अर्धनग्न अवस्था में बाहर आया और पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें धमकाने लगा। इतना ही नहीं, उसने पुलिसकर्मियों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने और उन्हें सस्पेंड कराने की धमकी भी दी। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो अब तेजी से फैल रहा है। वीडियो में आरोपी और उसके साथी पुलिस टीम के साथ बदतमीजी करते नजर आ रहे हैं, जिससे पुलिस की कार्यवाही में बाधा उत्पन्न हुई।
इस घटना ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां दूसरी राज्य की पुलिस अपने मामले में कार्रवाई करने पहुंची थी, वहीं स्थानीय स्तर पर इस तरह का विरोध और दुर्व्यवहार गंभीर चिंता का विषय बन गया है। अब देखना यह होगा कि रायपुर पुलिस इस मामले में क्या कदम उठाती है। क्या आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, धमकी देने और पुलिस से अभद्रता करने के आरोप में मामला दर्ज किया जाएगा या नहीं, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा। फिलहाल, पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस अधिकारियों द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है।





