छत्तीसगढ़
रायपुर में हथियारबाजों का आतंक! विरोध करने वाले युवक पर जानलेवा हमला
jantaserishta.com
22 Oct 2026 10:01 AM IST

x
छत्तीसगढ़.
धरसींवा: राजधानी रायपुर से लगे औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा में दुर्गा विसर्जन के दौरान हथियारों के खुले प्रदर्शन और विवाद के बाद एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विसर्जन जुलूस के दौरान कुछ युवक अवैध देशी कट्टा और धारदार हथियार लहराते हुए हुड़दंग कर रहे थे। इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और बीच-बचाव करने पहुंचे युवक को घेरकर बुरी तरह पीटा गया। हमले में उसके सिर पर ईंट से वार करने के साथ ही पीठ में चाकू घोंप दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत सिलतरा में दुर्गा विसर्जन यात्रा के दौरान कुछ युवक कथित तौर पर सरेआम देशी कट्टा और धारदार हथियार लहराते हुए नाच रहे थे। जुलूस में हथियारों के प्रदर्शन से मौजूद महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। कुछ युवकों ने जब उन्हें ऐसा करने से रोका तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए विवाद पर उतर आए। इसी दौरान मामला मारपीट तक पहुंच गया।
स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर 'कबाड़ी किंग' के नाम से चर्चित परिवार का नाम सामने आ रहा है। आरोप है कि मुख्य आरोपी अब्दुल बसीर खान उर्फ नज्जू खान और उसके बेटे इलाके में अपनी दबंगई के लिए जाने जाते हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद और मारपीट की घटनाओं के कारण क्षेत्र में इस परिवार को लेकर पहले से नाराजगी रही है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना 20 अक्टूबर की शाम करीब 5:30 बजे हथनीन तालाब के पास शुरू हुई। बताया गया कि नज्जू खान के बेटे साईं बिहार समिति के सदस्यों से विवाद कर रहे थे। इसी दौरान 28 वर्षीय युवराज वर्मा वहां बीच-बचाव करने पहुंचा। आरोप है कि विवाद के बाद आरोपी उसे धमकी देकर वहां से चले गए। इसके करीब आधे घंटे बाद शाम लगभग 6 बजे युवराज सिलतरा चौक पर खड़ा था। इसी दौरान नज्जू खान ने अपने बेटों नसीम खान, वसीम खान और अन्य साथियों को वहां बुला लिया। आरोपियों ने युवराज को घेरकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि नसीम खान ने ईंट से युवराज के सिर पर हमला किया, जबकि वसीम खान ने कड़े और मुक्कों से उसके चेहरे व नाक पर वार किया। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक अन्य आरोपी ने उसकी पीठ में धारदार चाकू घोंप दिया। हमले में घायल युवराज किसी तरह सिलतरा थाना पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई।
सिलतरा थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह के मुताबिक, पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 21 अक्टूबर को मुख्य आरोपी अब्दुल बसीर खान उर्फ नज्जू खान (51 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, वारदात में शामिल एक नाबालिग को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। उसके कब्जे से चाकू बरामद किया गया है। नाबालिग को बाल न्यायालय माना रायपुर भेजा गया है। पुलिस अब फरार आरोपियों वसीम खान, नसीम खान समेत अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है। मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





