छत्तीसगढ़

टेंट कारोबारी हत्याकांड: अंगूठी और नकदी के लालच में वारदात को दिया अंजाम, गिरफ्तार

Shantanu Roy
14 April 2026 9:40 PM IST
टेंट कारोबारी हत्याकांड: अंगूठी और नकदी के लालच में वारदात को दिया अंजाम, गिरफ्तार
x
छग
Kondagaon. कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में टेंट कारोबारी सुरेश चौहान की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि सोने की अंगूठी और नकदी के लालच में आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, 53 वर्षीय सुरेश चौहान “शिरोमणि डेकोरेट टेंट” के संचालक थे और 11 अप्रैल की रात से लापता थे। उनके भाई महेश चौहान ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
पुलिस ने शुरुआती जांच में शहर के करीब 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसी दौरान विकास नगर ग्राउंड में खून से सनी एक स्कूटी बरामद हुई, जिससे मामले में अहम सुराग मिला। तकनीकी जांच और फुटेज के आधार पर पुलिस का शक सुरेश देवांगन पर गया, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी सुरेश देवांगन ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह और सुरेश चौहान एक-दूसरे को पहले से जानते थे। इसी पहचान का फायदा उठाकर उसने 11 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे सुरेश चौहान को अपने घर बुलाया और पहले से बनाई गई योजना के तहत लोहे के मूसल से सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए मृतक की स्कूटी का इस्तेमाल किया। वह शव को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे स्थित एक खेत में ले गया और वहां मिट्टी के ढेर में दबा दिया। इसके बाद स्कूटी को विकास नगर ग्राउंड के पास खून के धब्बों के साथ छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खेत से शव बरामद कर लिया है। साथ ही मौके से 2 सोने की अंगूठियां, 1000 रुपये नकद और हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी जब्त किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह हत्या पूरी तरह लालच में की गई थी। आरोपी ने कारोबारी की संपत्ति और नकदी पर नजर रखते हुए इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने कहा है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
Next Story