छत्तीसगढ़

चक्रधर समारोह देखने निकला किशोर नहीं लौटा, सुबह मिला शव

Shantanu Roy
15 Sept 2026 5:24 PM IST
चक्रधर समारोह देखने निकला किशोर नहीं लौटा, सुबह मिला शव
x
छग
Raigarh. रायगढ़। शहर के रामभांठा इलाके में पुराने बस डिपो के पास खाली प्लॉट में मंगलवार सुबह 16 वर्षीय किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान धनुर्जय चौहान उर्फ गणेश के रूप में हुई है। वह सोमवार रात करीब 9 बजे चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सुबह खाली प्लॉट में उसका शव मिला। प्रारंभिक जांच में किशोर के सिर पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
जानकारी के मुताबिक 15 सितंबर 2026 की सुबह कोतवाली पुलिस को कोसाबाड़ी के सामने पुराने बस डिपो के पास रामभांठा स्थित एक खाली प्लॉट में शव पड़े होने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी और कोतवाली की टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से साक्ष्य जुटाए। इसी दौरान रामभांठा निवासी शिवलाल चौहान मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अपने 16 वर्षीय बेटे धनुर्जय चौहान उर्फ गणेश के रूप में की। परिवार मूल रूप से नवीन भटगांव थाना लैलूंगा क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है।
परिजनों के अनुसार धनुर्जय सोमवार रात करीब 9 बजे घर से निकला था। उसने चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कही थी। देर रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिवार को चिंता हुई। मंगलवार सुबह पुराने बस डिपो के पास खाली प्लॉट में शव मिलने की जानकारी सामने आई। परिजन मौके पर पहुंचे तो मृतक की पहचान धनुर्जय के रूप में हुई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में किशोर के सिर पर चोट के निशान पाए जाने की जानकारी दी गई है। हालांकि उसकी मौत किस कारण से हुई और चोट कैसे लगी, इसे लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारण को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। किशोर घर से निकलने के बाद किन लोगों से मिला, वह खाली प्लॉट तक कैसे पहुंचा और उसके साथ क्या हुआ, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के मुताबिक घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मौत को हत्या घोषित नहीं किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और पूछताछ के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से की जा रही है और मामले का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
Next Story