छत्तीसगढ़

दुकान गई किशोरी के साथ छेड़छाड़, मनचला गिरफ्तार

Nilmani Pal
25 April 2026 5:33 PM IST
दुकान गई किशोरी के साथ छेड़छाड़, मनचला गिरफ्तार
x
छग

रायगढ़। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर महिला एवं बाल संबंधी अपराधों पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करते हुए महिला थाना रायगढ़ ने नाबालिग (12 साल) से छेड़छाड़ के मामले में तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में गंभीरता दिखाते हुए महिला थाना द्वारा प्रकरण में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई। जानकारी के अनुसार दिनांक 23 अप्रैल 2026 को महिला थाना में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी भानु सिदार (27 साल) निवासी ग्राम डूमरमुड़ा थाना जूटमिल द्वारा उसकी नाबालिग बेटी के साथ गलत नियत से छेड़छाड़ की गई है। रिपोर्ट के अनुसार 22 अप्रैल को दोपहर करीब 3 बजे उसकी बेटी दुकान जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में निकले। खोजबीन के दौरान पड़ोस में सिदार के घर के पास नाबालिग घबराई हुई मिली, जिसने बताया कि रास्ते में भानु सिदार ने उसे रोककर गलत नियत से छेड़छाड़ की, जिससे वह किसी तरह स्वयं को छुड़ाकर भागी। घटना के बाद परिवार में सलाह-मशविरा कर पीड़िता की मां ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई।

महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 34/2026 धारा 74,75(1)(i) बीएनएस और 8 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध कायम किया गया तथा पुलिस टीम के साथ दबिश देकर आरोपी को उसके वर्तमान पते थाना चक्रधरनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। महिला एवं बाल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे मामलों में त्वरित, सख्त और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Next Story