
x
छग
Khairagarh खैरागढ़: भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जिला पुलिस बल, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) द्वारा जिले के सभी थाना क्षेत्रों को शामिल करते हुए अंतर-थाना कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पुलिस टीमों के खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में छुईखदान थाना टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। वहीं जालबांधा थाना टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय कुमार यादव, कलेक्टर केसीजी इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल और पुलिस अधीक्षक केसीजी लक्ष्य शर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल के माध्यम से एकता, अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया। इस अवसर पर अधिकारियों ने भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन देश की एकता और अखंडता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने उनके विचारों और संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पुलिस बल KCG की ओर से लोगों को साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति अभियान के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे अनजान लिंक, ओटीपी और संदिग्ध मैसेज से सावधान रहें। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि खुद को पुलिस, सीबीआई, ईडी अधिकारी बताकर डराने वाले या डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर ठगी करने वाले लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने या नजदीकी थाने में सूचना देने की अपील की गई।
इसके अलावा नशा मुक्ति अभियान के तहत लोगों को “नशे को ना कहें, जीवन को हां कहें” का संदेश दिया गया। युवाओं से अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने तथा खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में जिला पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। आयोजन का उद्देश्य खेल के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना तथा सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
Next Story





