
बिलासपुर। शिक्षक के बेटे ने घर पर फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली। घर के कमरे में उसकी लाश लटकती मिली है। बताया जा रहा है कि शिक्षक का पुत्र नशे का आदि था। पुलिस घटना की जांच कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर जिले के मस्तूरी ब्लाक के कुकुरदीकला स्कूल में निर्मल भारद्वाज पिता शंकर भारद्वाज शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। वे अपने परिवार के साथ मस्तूरी ब्लाक के पचपेढ़ी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम गोड़ाडीह गांव में रहते हैं और वही से स्कूल अप डाउन करते हैं। उनके परिवार मे उनकी पत्नी के अलावा उनके तीन पुत्र और रहते हैं। आज उन्होंने सुबह साढ़े 11 बजे पचपेढ़ी थाना में पहुँच कर जानकारी दी कि उनके मंझले पुत्र ने घर मे फांसी लगा ली है।
शिक्षक ने बताया कि उनका 25 वर्षीय पुत्र गौतम भारद्वाज उनके तीन पुत्रों में दूसरे नम्बर का पुत्र हैं। कल रात दस बजे घर के सभी सदस्य खाना खाकर अपने अपने कमरों में सोने चले गए। आज सुबह साढ़े दस बजे तक जब गौतम सो कर नही उठा तो उसके कमरे में जाकर देखा गया। आवाज देने पर दरवाजा नही खोला गया तो धक्का लगा कर दरवाजा खोला गया। कमरे में अंदर जा कर देखने पर पता चला कि छत में लगे कुंडी में गमछे से फंदा बना कर गौतम ने फांसी लगा ली थी।
बताया जा रहा हैं कि शिक्षक का पुत्र काफी नशा किया करता था। पर कुछ माह पहले उसने नशा करना बंद कर दिया था। पुलिस शव का पंचनामा करवा रही हैं।