छत्तीसगढ़

शिक्षा अधिकारी पर टीचरों ने लगाया वसूली का आरोप, 20 लाख की हेराफेरी

Nil dhankar
16 April 2026 9:29 AM IST
शिक्षा अधिकारी पर टीचरों ने लगाया वसूली का आरोप, 20 लाख की हेराफेरी
x
छग

डोंगरगढ़। ब्लॉक के शिक्षा विभाग में एक बार फिर गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी (एबीईओ) पर करीब 20 लाख रुपये की अवैध वसूली के आरोप लगे हैं। आरोप है कि सेवा पुस्तिका संधारण के नाम पर शिक्षकों से जबरन राशि वसूली गई।

जानकारी के अनुसार, प्रत्येक शिक्षक से कार्य के बदले 1700 रुपये की मांग की गई। बताया जा रहा है कि करीब 1200 शिक्षकों को इस वसूली का निशाना बनाया गया, जिससे कुल राशि 20 लाख रुपये से अधिक पहुंच गई। आरोप यह भी है कि पद का प्रभाव दिखाकर शिक्षकों पर दबाव बनाया गया और विरोध करने वालों से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, 20 जनवरी को आयोजित बैठक में इस संबंध में मौखिक निर्देश दिए गए थे। बैठक के दौरान कुछ शिक्षकों ने इसका विरोध भी किया था, जिसके बाद उनसे लिखित स्पष्टीकरण मांगे जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इस पूरे मामले में अब तक कोई भी शिक्षक औपचारिक शिकायत लेकर सामने नहीं आया है, जिससे स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

वहीं, एबीईओ श्रीनिवास मिश्रा ने मामले से अनभिज्ञता जताई है। उनका कहना है कि यह मामला उनके प्रत्यक्ष अधीनस्थों से संबंधित नहीं है और उनके अधीन कार्यरत लिपिक कर्मचारियों द्वारा किसी प्रकार की अवैध मांग की जानकारी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो उसे अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा।


Next Story