छत्तीसगढ़

हमले में घायल शिक्षक की मौत, पड़ोसी युवकों पर केस दर्ज

Nilmani Pal
31 May 2023 2:27 AM GMT
हमले में घायल शिक्षक की मौत, पड़ोसी युवकों पर केस दर्ज
x
छग

रायगढ़। पड़ोसी युवकों ने शिक्षक पर लात-घूंसों से हमला कर दिया, गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। शिक्षक को गले और चेहरे पर गंभीर चोट लगी थी। कोसीर थाने में मारपीट का अपराध दर्ज किया गया, इसके बाद मुलाहिजा कराया गया। डॉक्टर ने चोट गंभीर बताते हुए रायगढ़ रेफर किया था। अब मेडिकल कॉलेज अस्पताल से सूचना जाने के बाद आरोपियों पर हत्या का जुर्म दर्ज हो सकता है।

कोसीर के रहने वाले त्रियोगीनाथ चंद्रा उर्फ दादू चंद्रा (45) दंतेवाड़ा जिले में वर्ग-3 शिक्षक थे। गर्मी की छुट्‌टी पर वे अपने गांव आए हुए थे। इधर कुछ सालों से पड़ोसियों से जमीन को लेकर उनका विवाद चल रहा था। कुछ दिनों पहले मामले में सुलह हो गई थी। उसके बाद छत से पानी गिरने को लेकर पड़ोसी से फिर तनातनी शुरू हो गई। रविवार सुबह 6 बजे इसी को लेकर विवाद हुआ और त्रियोगीनाथ पर पड़ोसी भूपेन्द्र चंद्रा, केशव चंद्रा, और विनय ने हमला कर दिया। त्रियोगी को लात और घूंसों से मारा गया। लगातार वार के बाद वे गिर पड़े तो पड़ोसी उन्हें लात से मारते रहे। इससे उनके गले, चेहरे और सीने में गंभीर चोटें आई। उन्हें सारंगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से उन्हें इलाज के लिए रायगढ़ रेफर किया। सोमवार शाम को त्रियोगी का अस्पताल में भर्ती कराया गया और रात 11 बजे उनकी मौत हो गई। चक्रधरनगर पुलिस ने मामला दर्ज किया है, जिला अस्पताल में पीएम के बाद पुलिस ने शव को परिजन को सौंप दिया है।

Next Story