छत्तीसगढ़
पत्नी-बच्चों से मिलने पहुंचे शिक्षक से मारपीट, पत्नी और सास पर लगाए गंभीर आरोप
Shantanu Roy
5 Oct 2026 9:34 PM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। पत्नी और बच्चों से मिलने पहुंचे एक सरकारी शिक्षक ने अपनी पत्नी और सास पर मारपीट करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। शिक्षक का आरोप है कि उसकी पत्नी ने दूसरी शादी करने की बात कहते हुए उससे तलाक मांगा था। तलाक देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और पत्नी तथा सास ने उसके साथ हाथ-मुक्का और लात से मारपीट की। पीड़ित की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सक्ती जिले के डभरा क्षेत्र के ग्राम तेन्दुमुड़ी छिपिया निवासी किशन कुमार दिव्य पेशे से शिक्षक हैं। वर्तमान में वे महगई में किराए के कमरे में रहते हैं और ग्राम पथरी में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उनकी पत्नी शकुन्तला बंजारे आरक्षक हैं और जीआरपी में पदस्थ हैं। वह अपने बच्चों के साथ बिलासपुर में रहती हैं।
किशन कुमार दिव्य ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 26 सितंबर को वह अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने के लिए बिलासपुर आया था। उस दौरान उसकी सास रोहणी बाई बंजारे भी घर पर मौजूद थीं। शुरुआत में स्थिति सामान्य थी, लेकिन अगले दिन देर रात पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। शिकायत के अनुसार 27 सितंबर की रात करीब 2 बजे पत्नी ने कथित तौर पर किशन से कहा कि वह अब उसके साथ नहीं रहना चाहती और दूसरी शादी करना चाहती है। इसके लिए उसने पति से तलाक देने की बात कही। किशन ने तलाक देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
शिक्षक का आरोप है कि पत्नी ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद सास भी विवाद में शामिल हो गईं और दोनों ने मिलकर हाथ-मुक्का और लात से उसकी पिटाई की। पीड़ित ने अपनी शिकायत में पत्नी पर गंभीर धमकी देने का आरोप भी लगाया है। किशन का कहना है कि पत्नी ने रेलवे पुलिस में पदस्थ होने की बात कहते हुए उसे रेलवे ट्रैक पर लेटाकर जान से मारने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। घटना के बाद उसने अपने पिता को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद उसने सिरगिट्टी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिक्षक ने पुलिस को यह भी बताया कि पति-पत्नी के बीच पहले भी विवाद हो चुका है। इससे पहले भी वह पत्नी से मिलने बिलासपुर आया था, तब दोनों के बीच विवाद हुआ था। हालांकि उस समय उसने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। किशन के अनुसार बाद में उसकी पत्नी ने ही उसके खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत की थी। अब दोबारा विवाद और कथित मारपीट की घटना के बाद शिक्षक ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
मामला पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद से जुड़ा होने के कारण पुलिस शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की जांच कर रही है। शिक्षक की ओर से पत्नी और सास पर लगाए गए मारपीट और धमकी के आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी। फिलहाल सिरगिट्टी पुलिस ने शिक्षक की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनाक्रम और दोनों पक्षों के बीच पूर्व में हुए विवाद से जुड़ी जानकारी भी जुटा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





