छत्तीसगढ़

शिक्षक गिरफ्तार, गैंगरेप मामले में पुलिस ने की कार्रवाई

Nilmani Pal
28 Oct 2021 10:13 AM GMT
शिक्षक गिरफ्तार, गैंगरेप मामले में पुलिस ने की कार्रवाई
x
छत्तीसगढ़

भानुप्रतापपुर। 6 माह पहले होली की पूर्व रात्रि को सामूहिक दुष्कर्म की शिकार पीड़िता के बैंक खाते से हेराफेरी कर बड़ी रकम हड़पने के आरोपी सहदेव सोनवानी को पुलिस ने धारा 420 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। सहदेव सोनवानी गांडा गन्धर्व समाज का ब्लाक अध्यक्ष है व पेशे से शिक्षक है।

घटना के संबंध में पुलिस सूत्रों ने बताया है कि सुरक्षा की दृष्टि से पीड़िता को समाज के लोगों ने सभी की सहमति से पिछले 6 माह से सहदेव सोनवानी के घर पर ही रखा था। इस बीच पीड़िता को शासन की ओर से मिली 4 लाख से अधिक की राशि में से सहदेव ने लगभग डेढ़ लाख रुपए षड्यंत्र पूर्वक निकाल लिए। इसकी शिकायत होने पर पुलिस के द्वारा जांच की गई, जिसमें सहदेव को इसके लिए जिम्मेदार पाया गया। इसके बाद गुरुवार को सहदेव को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा सकता है।

Next Story