छत्तीसगढ़

रायपुर रेल मंडल में चाय कप घोटाले का खुलासा, 14 बोरे कप जब्त

SHIDDHANT
29 May 2026 8:57 PM IST
रायपुर रेल मंडल में चाय कप घोटाले का खुलासा, 14 बोरे कप जब्त
x
छग
Raipur रायपुर: रायपुर रेल मंडल में चाय बेचने में बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। जांच में पता चला कि रेलवे के तय मानक से कम क्षमता वाले कपों में यात्रियों को चाय दी जा रही थी। इस कार्रवाई के बाद रेलवे, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जिला प्रशासन और नापतोल विभाग ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर बड़ी मात्रा में कप जब्त किए हैं।

रेलवे के नियमों के अनुसार चाय का कप 170 ML क्षमता का होना चाहिए और उसमें यात्रियों को 150 ML चाय दी जानी चाहिए। लेकिन जांच में सामने आया कि इस्तेमाल किए जा रहे कप केवल 150 ML क्षमता के थे और उनमें करीब 120 ML चाय ही दी जा रही थी। इस तरह यात्रियों को हर कप में लगभग 30 ML चाय कम मिल रही थी। संयुक्त टीम ने रायपुर के गुढ़ियारी स्थित आदित्य पेपर फर्म पर कार्रवाई करते हुए 14 बोरे कप सील किए। अधिकारियों के अनुसार, ये कप तय मानकों से कम पाए गए। मामले में एक पूरे सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई गई है कि लंबे समय से स्टैंडर्ड से छोटे कप रेलवे स्टेशनों पर सप्लाई किए जा रहे थे, जिससे यात्रियों को कम मात्रा में चाय मिल रही थी। अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों के हितों की सुरक्षा और गुणवत्ता बनाए रखने की बात कही है।
Next Story