छत्तीसगढ़

अवैध धान भंडारण, परिवहन करने वाले कोचियों पर कार्यवाही करें: कलेक्टर

Shantanu Roy
7 Jan 2026 6:42 PM IST
अवैध धान भंडारण, परिवहन करने वाले कोचियों पर कार्यवाही करें: कलेक्टर
x
छग
Sarangarh-Bilaigarh. सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने जिले में चल रहे प्रगतिरत कार्यों, जनशिकायतों तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समय-सीमा की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जिले के सभी प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने जनशिकायत पोर्टल, मुख्यमंत्री जनदर्शन और कलेक्टर जनदर्शन से प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि आवेदकों को केवल फाइल की स्थिति बताकर औपचारिकता पूरी न की जाए, बल्कि उन्हें उनकी समस्या की वास्तविक स्थिति समझाई जाए। साथ ही पात्र होने की स्थिति में संबंधित योजना का लाभ मिलने की लिखित सूचना दी जाए और यह भी बताया जाए कि इसके लिए किस कार्यालय में या किस ऑनलाइन माध्यम से विधिवत आवेदन करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समय पर और पारदर्शी निराकरण से आम जनता का प्रशासन पर विश्वास मजबूत होता है।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि दावा-आपत्ति सुनवाई और निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने क्लस्टर क्षेत्रों में जाकर मतदाताओं की समस्याओं का समाधान करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। धान खरीदी की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी-कर्मचारी प्रति शनिवार अनिवार्य रूप से धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण करें और स्टॉक का भौतिक मिलान करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी केंद्र में बफर स्टॉक अधिक हो, तो मार्कफेड द्वारा राइस मिलर्स को जारी डीओ के आधार पर प्राथमिकता से धान उठाव सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए खाद्य विभाग, मार्कफेड और सहकारिता विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि धान खरीदी प्रक्रिया निरंतर और सुचारू रूप से संचालित होती रहे। अपेक्स बैंक के प्रबंधक को निर्देश दिए गए कि किसानों के भुगतान में किसी भी प्रकार की परेशानी न आए, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। कलेक्टर ने उड़नदस्ता टीमों को जिले के सभी क्षेत्रों में सक्रिय रहते हुए अवैध धान भंडारण और परिवहन करने वाले कोचियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

इसके साथ ही उन्होंने नगरपालिका परिषद सारंगढ़ तथा नगर पंचायत सरसींवा, भटगांव, बिलाईगढ़, बरमकेला और सरिया में अवैध कब्जे हटाने, गली-मोहल्लों की नियमित साफ-सफाई, घर-घर कचरा संग्रहण और प्रकाश व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी प्रतिदिन सुबह फील्ड में जाकर कार्यों का निरीक्षण करें। बैठक में आगामी 26 जनवरी समारोह की तैयारी, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, आयुष्मान वय वंदना योजना, जिला अस्पताल और संयुक्त जिला कार्यालय भवन निर्माण, स्कूलों में जाति प्रमाण पत्र, पीएमश्री स्कूल निर्माण, अपार आईडी, सरस्वती साइकिल वितरण, आदिवासी विकास विभाग के अंतर्गत आश्रम-छात्रावासों में स्वास्थ्य परीक्षण, एनीमिया जांच, विभिन्न विकास प्राधिकरणों के कार्य, आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, पीएम किसान सम्मान निधि, राजस्व कार्य जैसे नक्शा बंटांकन और फौती नामांतरण, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, पेंशनर रिपोर्ट, पेंशनरों के बैंक खातों में मोबाइल नंबर सीडिंग तथा ई-ऑफिस की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन फील्ड स्तर पर जाकर सुनिश्चित करें।
Next Story