छत्तीसगढ़

पेट्रोल पंप कर्मचारी की संदिग्ध मौत, पानी की टंकी में मिला शव

Shantanu Roy
7 Sept 2026 9:59 PM IST
पेट्रोल पंप कर्मचारी की संदिग्ध मौत, पानी की टंकी में मिला शव
x
छग
Korba. कोरबा। मुड़ापार स्थित आरजी पेट्रोल पंप में उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्यूटी के दौरान अचानक लापता हुए कर्मचारी का शव पेट्रोल टंकी से लगी पानी की टंकी में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पेट्रोल पंप पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 39 वर्षीय ओम प्रकाश यादव के रूप में हुई है। ओम प्रकाश यादव राताखार का निवासी था और मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। वह मुड़ापार स्थित आरजी पेट्रोल पंप में पेट्रोल डालने का काम करता था। घटना के समय वह सेकंड शिफ्ट की ड्यूटी पर तैनात था। बताया गया कि उस दौरान पेट्रोल पंप पर कुल तीन कर्मचारी ड्यूटी कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान अचानक ओम प्रकाश पेट्रोल पंप से दिखाई नहीं दिया। कुछ समय तक जब वह वापस नहीं लौटा तो अन्य कर्मचारियों ने उसकी तलाश शुरू की। कर्मचारियों ने पेट्रोल पंप के आसपास और परिसर में उसे तलाशा, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद पेट्रोल पंप संचालक को भी कर्मचारी के लापता होने की जानकारी दी गई। इसी दौरान खोजबीन करते हुए कर्मचारियों की नजर पेट्रोल टंकी से लगी पानी की टंकी पर गई। पानी की टंकी में ओम प्रकाश का शव दिखाई दिया। शव मिलने की जानकारी सामने आते ही पेट्रोल पंप पर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
मानिकपुर चौकी पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को बाहर निकलवाने के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी कर्मचारियों और पेट्रोल पंप से जुड़े लोगों से ली है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ओम प्रकाश पानी की टंकी तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पेट्रोल पंप कर्मचारी खुशी मिश्रा ने बताया कि घटना के समय तीन कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद थे। अचानक ओम प्रकाश वहां दिखाई नहीं दिया। काफी देर तक उसके नहीं मिलने पर पेट्रोल पंप संचालक को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद कर्मचारियों ने मिलकर उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पानी की टंकी में उसका शव मिला।
घटना को लेकर यह भी जानकारी सामने आई है कि मृतक शराब का सेवन करता था। घटनास्थल पर पानी की टंकी में पानी और पेट्रोल दोनों मौजूद होने की बात कही जा रही है। शव से पेट्रोल की दुर्गंध आने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि इन परिस्थितियों के आधार पर मौत का कारण तय नहीं किया जा सकता। पुलिस फिलहाल पूरे मामले को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मानकर जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कर्मचारी पानी की टंकी तक किन परिस्थितियों में पहुंचा और घटना के समय वास्तव में क्या हुआ था।
Next Story