छत्तीसगढ़
मुंगेली में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति समेत 5 पर हत्या का आरोप
Shantanu Roy
22 Oct 2026 7:34 PM IST

x
छग
Mungeli. मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। जरहागांव थाना क्षेत्र के ग्राम धरमपुरा निवासी मधु जांगड़े की मौत के बाद उसके पिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर जहर पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका के परिजनों का कहना है कि घटना को करीब एक महीना बीत जाने के बावजूद पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है। इससे नाराज परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
14 साल पहले हुई थी मधु की शादी
कबीरधाम जिले के ग्राम बुधवारा निवासी रामप्यारे ने जरहागांव थाना प्रभारी को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी मधु जांगड़े की शादी करीब 14 साल पहले ग्राम धरमपुरा निवासी सूर्यकरण जांगड़े से हुई थी। दंपती का सात वर्षीय बेटा भी है। पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही मधु को ससुराल में शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। शिकायत में पति सूर्यकरण जांगड़े, ससुर चंद्रभूषण जांगड़े, सास महर बाई जांगड़े, ननद प्रभा जांगड़े और देवर लक्की जांगड़े पर प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं।
शराब पीकर मारपीट और पैसे मांगने का आरोप
शिकायतकर्ता रामप्यारे के अनुसार, मधु का पति कथित तौर पर शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। इसके अलावा उस पर मायके से पैसे लाने का दबाव बनाया जाता था। पिता ने आरोप लगाया कि ग्राम दुल्लापुर में मधु की मां के नाम पर स्थित कृषि भूमि को बेचकर पैसे लाने के लिए भी दबाव बनाया जा रहा था। इसी बात को लेकर मधु को लगातार परेशान करने का दावा शिकायत में किया गया है।
पिता का दावा, बेटी ने फोन पर दी थी जानकारी
रामप्यारे ने अपनी शिकायत में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों ने मिलकर उनकी बेटी को कथित तौर पर जहर पिला दिया। पिता के मुताबिक, घटना के बाद मधु ने ननद प्रभा के मोबाइल फोन से उन्हें कॉल कर जहर दिए जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद 23 सितंबर 2026 को जिला अस्पताल मुंगेली में मधु की मौत हो गई। हालांकि, जहर दिए जाने के आरोप और मौत के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।
एक महीने बाद भी FIR दर्ज नहीं होने का आरोप
मृतका के पिता का कहना है कि उन्होंने घटना के संबंध में जरहागांव थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं होने का उनका आरोप है। रामप्यारे के अनुसार, उन्होंने 17 अक्टूबर 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात की और मामले में कार्रवाई करने की मांग रखी। इसके बाद भी उन्हें एफआईआर दर्ज होने की जानकारी नहीं मिली है।
पुलिस कार्रवाई को लेकर उठे सवाल
परिजनों ने सवाल उठाया है कि गंभीर आरोपों वाली शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अब तक क्या कार्रवाई की है। क्या मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है और क्या परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है? फिलहाल पुलिस की ओर से जांच की स्थिति और एफआईआर के संबंध में आधिकारिक पक्ष उपलब्ध नहीं है। ऐसे में आरोपों की सत्यता और मौत की वास्तविक परिस्थितियों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
Next Story





