छत्तीसगढ़

26 साल की युवती की संदिग्ध मौत, कमरें में फंदे पर लटकी मिली लाश

Shantanu Roy
6 Sept 2026 3:47 PM IST
26 साल की युवती की संदिग्ध मौत, कमरें में फंदे पर लटकी मिली लाश
x
छग
Dhamtari. धमतरी। जिले के मगरलोड नगर पंचायत क्षेत्र में एक युवती की मौत का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है। वार्ड नंबर-4 में रहने वाली 26 वर्षीय लता सिन्हा ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि युवती ने मौत से पहले अपने माता-पिता को कमरे में बाहर से बंद कर दिया था। परिजन रातभर उसी कमरे में बंद रहे और उन्हें इस बात की जानकारी तक नहीं हुई कि घर के हॉल में उनकी बेटी ने फंदा लगा लिया है। सुबह जब रिश्तेदारों और ग्रामीणों की मदद से कमरे का ताला खोला गया तो सामने का दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए। हॉल में लता फंदे पर लटकी मिली।
रात में परिवार के साथ खाया था खाना
लता के पिता हीरालाल सिन्हा के अनुसार, घटना वाली रात घर में सब कुछ सामान्य था। परिवार के सभी सदस्यों ने साथ बैठकर खाना खाया था। इसके बाद माता-पिता अपने कमरे में बैठकर टीवी देख रहे थे। इसी दौरान लता उनके कमरे के पास पहुंची और दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। शुरुआत में माता-पिता को लगा कि बेटी शायद मजाक कर रही है। उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। रातभर दोनों कमरे के अंदर ही बंद रहे। उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि घर के दूसरे हिस्से में कोई अनहोनी हो चुकी है।
सुबह रिश्तेदारों को दी जानकारी
सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर माता-पिता ने फोन के माध्यम से रिश्तेदारों से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि उन्हें बाहर से कमरे में बंद कर दिया गया है। इसके बाद रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और आसपास के ग्रामीण भी वहां एकत्र हो गए। घटना की सूचना डायल-112 को दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर घर का मुख्य दरवाजा खोला और अंदर लगे ताले को तोड़कर माता-पिता को बाहर निकाला। जैसे ही माता-पिता हॉल में पहुंचे, उन्होंने अपनी बेटी लता को फंदे पर लटका देखा। इसके बाद पूरे परिवार में मातम छा गया।
बैगा से संपर्क को लेकर परिवार ने जताई आशंका
घटना के बाद परिवार ने गांव के ही एक बैगा से लता के संपर्क को लेकर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि पिछले कुछ समय से लता का बैगा के यहां आना-जाना बढ़ गया था। वह उससे लंबे समय तक फोन पर बातचीत भी करती थी। परिवार ने आशंका जताई है कि लता किसी मानसिक दबाव या डर में हो सकती थी। हालांकि, अभी यह केवल परिजनों की आशंका है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस संपर्क का घटना से कोई संबंध था या नहीं।
मोबाइल और कॉल डिटेल की होगी जांच
मामले की जांच कर रही मगरलोड थाना पुलिस ने लता का मोबाइल जब्त कर लिया है। पुलिस अब मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य जानकारी खंगाल रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना से पहले लता किन लोगों के संपर्क में थी और किन नंबरों पर उसकी लगातार बातचीत हो रही थी। पुलिस बैगा से भी पूछताछ कर सकती है। माता-पिता को कमरे में बंद करने के बाद युवती का फांसी लगाना पूरे मामले को रहस्यमय बना रहा है। आखिर उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, क्या वह किसी दबाव में थी या फिर घटना के पीछे कोई अन्य कारण था, इन सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच में तलाशे जा रहे हैं। मगरलोड थाने में पिता हीरालाल सिन्हा की रिपोर्ट पर मर्ग कायम किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।
Next Story