छत्तीसगढ़

जंगल में 5 फीट गहरा संदिग्ध गड्ढा, पास मिले कपड़े, शव दफन होने की आशंका

Shantanu Roy
3 Oct 2026 8:11 PM IST
जंगल में 5 फीट गहरा संदिग्ध गड्ढा, पास मिले कपड़े, शव दफन होने की आशंका
x
छग
Surguja. सरगुजा। उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सानी बर्रा के जंगल में एक संदिग्ध गड्ढा मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों ने गड्ढे में शव दफन किए जाने की आशंका जताई है। गड्ढे के पास सफेद कपड़ा मिलने और मिट्टी पर जूतों से दबाने जैसे निशान दिखाई देने के बाद संदेह और बढ़ गया। सूचना मिलने पर उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध स्थान का निरीक्षण किया। रविवार को दंडाधिकारी की मौजूदगी में गड्ढा खोदकर इसकी वास्तविकता का पता लगाया जाएगा। जानकारी के मुताबिक सानी बर्रा के जंगल के पास गुरुवार को कुछ बच्चों ने एक बोलेरो वाहन में आए कुछ लोगों को गड्ढा खोदते देखा था। बच्चों ने वापस लौटकर इसकी जानकारी गांव के लोगों को दी। हालांकि शुरुआत में ग्रामीणों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।

उन्हें लगा कि जंगल में छुई मिट्टी निकालने के लिए गड्ढा खोदा गया होगा। इसके अगले दिन शुक्रवार को सेमी घोघरा निवासी नापन पंडो खुखड़ी बीनने के लिए जंगल गया था। इसी दौरान उसकी नजर एक संदिग्ध स्थान पर पड़ी। वहां करीब पांच फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था। गड्ढे के आसपास की स्थिति देखकर उसे संदेह हुआ। पास में सफेद कपड़ा भी पड़ा मिला। नापन पंडो ने गांव लौटकर इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। बच्चों द्वारा एक दिन पहले बोलेरो सवार लोगों को उसी क्षेत्र में गड्ढा खोदते देखने की बात और अब गड्ढे के पास कपड़ा मिलने से ग्रामीणों को आशंका हुई।

वहां किसी व्यक्ति का शव दफन किया गया हो सकता है। बताया जा रहा है कि संदिग्ध गड्ढा जिस स्थान पर मिला है, वह नेशनल हाईवे से करीब 12 किलोमीटर अंदर घने जंगल में स्थित है। दूरस्थ इलाका होने की वजह से यहां सामान्य रूप से लोगों की आवाजाही भी सीमित रहती है। ऐसे में बोलेरो से कुछ लोगों के वहां पहुंचने और गड्ढा खोदने की जानकारी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी। मामले की सूचना मिलने पर स्थानीय मीडियाकर्मी भी जंगल पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उदयपुर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों की मौजूदगी में पुलिस ने संदिग्ध गड्ढे और उसके आसपास के इलाके का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गड्ढे की मिट्टी पर जूतों से दबाने जैसे निशान भी दिखाई दिए। हालांकि गड्ढे के भीतर वास्तव में क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस ने भी फिलहाल शव दफन होने की पुष्टि नहीं की है। थाना प्रभारी शिशिरकांत सिन्हा के मुताबिक संदिग्ध गड्ढे को विधिवत खोदने के लिए दंडाधिकारी से अनुमति ली जाएगी। अनुमति मिलने के बाद दंडाधिकारी की मौजूदगी में रविवार को गड्ढे की खुदाई कर जांच की जाएगी।

पुलिस आसपास के ग्रामीणों से भी जानकारी जुटा रही है। बच्चों द्वारा देखे गए बोलेरो वाहन और उसमें सवार लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा सकती है। गड्ढा खोदे जाने का वास्तविक कारण क्या था और वहां क्या दफन किया गया है, इसका खुलासा खुदाई के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल संदिग्ध गड्ढे को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। रविवार को दंडाधिकारी की मौजूदगी में होने वाली खुदाई के बाद मामले की वास्तविक स्थिति सामने आने की उम्मीद है।
Next Story