छत्तीसगढ़

धमतरी जिले में अब तक सवा पांच लाख से अधिक लोगों का किया गया सर्वे

Nil dhankar
12 Dec 2022 5:11 PM IST
धमतरी जिले में अब तक सवा पांच लाख से अधिक लोगों का किया गया सर्वे
x

धमतरी। जिले में एक दिसम्बर से 21 दिसम्बर तक सघन टीबी कुष्ठ जांच खोज अभियान 2022 चलाया जा रहा है। कलेक्टर पी.एस.एल्मा के निर्देशानुसार एक दिसम्बर से अब तक जिले के पांच लाख 33 हजार 936 लोगों का सर्वे कर जांच किया गया। इसमें टी.बी. के संभावित 1365 मरीजों में से 15 कन्फर्म और कुष्ठ के संभावित 684 में से 11 कन्फर्म मरीज मिले हैं। जिला प्रशासन द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई है कि कुष्ठ एवं टीबी मुक्त जिला बनाने के लिए सर्वे के दौरान स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले का सहयोग जरूर करें।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मंडल से मिली जानकारी के मुताबिक धमतरी शहरी और ग्रामीण क्षेत्र गुजरा, कुरूद, मगरलोड, नगरी में अभियान के तहत मितानिन और स्वास्थ्य विभाग का अमला द्वारा घर-घर सर्वे किया जा रहा है। संभावित मरीजों की खोज कर नजदीक के स्वास्थ्य केन्द्रों में निःशुल्क उपचार हेतु भेजा जा रहा है। इसके अलावा प्रचार-प्रसार के लिए कुष्ठ रथ को जिले के सभी गांव और शहर के लिए रवाना किया गया है। कोटवार के जरिए मुनादी कर लोगों को अभियान के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। साथ ही स्कूल, समूह बैठक, पंचायत प्रतिनिधियों के जरिए टीबी और कुष्ठ रोग के विषय पर लोगों को जानकारी दी जा रही है।

Next Story