छत्तीसगढ़

सूरजपुर पुलिस ने गांजा तस्करी में लिप्त आरोपी को दबोचा, 1.595 किलो गांजा बरामद

Shantanu Roy
29 Sept 2025 10:15 PM IST
सूरजपुर पुलिस ने गांजा तस्करी में लिप्त आरोपी को दबोचा, 1.595 किलो गांजा बरामद
x
छग
Surajpur. सूरजपुर। डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के कड़े निर्देशों पर सूरजपुर जिले में अवैध कारोबार और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे लगातार अभियानों के तहत चौकी लटोरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। 29 सितंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम महेशपुर निवासी भईयालाल चौधरी उर्फ लउवा के खिलाफ कार्रवाई की। सूचना के अनुसार, भईयालाल चौधरी अपने किराना दुकान में गांजा बेच रहा था। पुलिस ने दुकान पर छापा मारते हुए आरोपी के कब्जे से कुल 1 किलो 595 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई जा रही है।

इस मामले में भईयालाल चौधरी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने नशे की अवैध आपूर्ति को रोकने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी अरुण गुप्ता के नेतृत्व में आरक्षक विकास मिश्रा, शोभनाथ कुशवाहा, सुनील एक्का, कुंदलाल राजवाड़े, मनोज सिरदार, दिलेश्वर सिंह और महिला आरक्षक मालती एक्का एवं सुनीता सोनपाकर की अहम भूमिका रही। टीम ने मुखबिर से प्राप्त जानकारी के आधार पर तेजी से कार्रवाई कर अपराध को रोका।

डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि पुलिस नशे के कारोबार पर कड़ा रुख अपनाए हुए है। जिले में नशे की बिक्री और तस्करी करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। सूरजपुर पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में नशे के कारोबार में शामिल अन्य व्यक्तियों के लिए चेतावनी संदेश भी गया है। अधिकारी लगातार निगरानी रख रहे हैं और नशे की सप्लाई चैन को तोड़ने के लिए छापेमारी और तलाशी अभियान जारी रहेगा। स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल ने यह सुनिश्चित किया है कि नशे के मामलों में न केवल आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, बल्कि समाज में युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक भी किया जाए। इस तरह की कार्रवाई से जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी और आम जनता सुरक्षित महसूस करेगी।
Next Story