छत्तीसगढ़

सफलता की कहानी: बिहान योजना से धमतरी में सशक्त हो रहीं लखपति दीदी

Shantanu Roy
5 Jan 2026 10:32 PM IST
सफलता की कहानी: बिहान योजना से धमतरी में सशक्त हो रहीं लखपति दीदी
x
छग
Dhamtari. धमतरी। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित बिहान योजना धमतरी जिले में महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आर्थिक मजबूती की एक सशक्त मिसाल बनकर सामने आई है। कभी सीमित संसाधनों और घरेलू दायरे तक सिमटी ग्रामीण महिलाएं आज आत्मनिर्भरता, नेतृत्व और उद्यमिता की नई पहचान बना रही हैं। सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और अवसरों के चलते महिलाएं अब परिवार के साथ-साथ गांव और जिले की अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी बन चुकी हैं। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में बिहान योजना का प्रभावी और सुनियोजित क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्राम संबलपुर में क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) से जुड़ी महिलाओं से संवाद करते हुए कलेक्टर ने कहा कि “महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता ही सशक्त गांव और समृद्ध जिले की आधारशिला है।” उन्होंने महिलाओं को नवाचार, बाजारोन्मुख सोच और दीर्घकालीन आजीविका अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
धमतरी में ‘लखपति दीदी’ की बढ़ती संख्या
बिहान योजना के तहत धमतरी जिले में अब तक 1,200 से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ के रूप में चिन्हित की जा चुकी हैं, जो सालाना एक लाख रुपये या उससे अधिक की आय अर्जित कर रही हैं। प्रशासन का लक्ष्य आने वाले समय में इस संख्या को 2,000 से अधिक तक पहुंचाने का है। यह उपलब्धि जिले में महिलाओं की बढ़ती आर्थिक भागीदारी और आत्मनिर्भरता को दर्शाती है।
आजीविका के विविध और नवाचारपूर्ण अवसर
बिहान से जुड़ी महिलाएं अब केवल पारंपरिक कार्यों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आधुनिक और बाजार आधारित आजीविका गतिविधियों में भी सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही हैं। इनमें मशरूम उत्पादन, सब्जी बाड़ी, डेयरी और पशुपालन, ई-रिक्शा संचालन, किराना व डेली नीड्स स्टोर, बिजली सामग्री विक्रय, सेंट्रिंग प्लेट व निर्माण सामग्री निर्माण, सिलाई-कढ़ाई, फूड प्रोसेसिंग और स्थानीय उत्पाद निर्माण शामिल हैं। इन गतिविधियों से महिलाओं की मासिक आय में निरंतर वृद्धि हो रही है।
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से नए अवसर
कलेक्टर मिश्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के अंतर्गत महिलाओं को वेंडर के रूप में पंजीकृत करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इससे स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं सोलर पैनल एवं उपकरणों की आपूर्ति, स्थापना और रखरखाव जैसे कार्यों से जुड़ सकेंगी। यह पहल महिलाओं के लिए हरित रोजगार और स्थायी आय का मजबूत माध्यम बनेगी।
संस्थागत मजबूती और प्रशिक्षण
आंचल महिला क्लस्टर संगठन के सर्वसुविधायुक्त समूह भवनों का उपयोग प्रशिक्षण, विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन, सामूहिक विपणन और बैठकों के लिए किया जा रहा है। महिलाओं को वित्तीय साक्षरता, डिजिटल लेन-देन, बैंक लिंकेज और उद्यम प्रबंधन का नियमित प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। बिहान योजना ने महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक निर्णयों में भागीदारी भी प्रदान की है। महिलाएं अब शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और रोजगार जैसे विषयों में समाज को दिशा दे रही हैं। बिहान योजना के सफल क्रियान्वयन से धमतरी जिला आज महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका का प्रेरणादायी मॉडल बनकर उभर रहा है।
Next Story