
बलौदाबाजार। भाटापारा जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत अपात्र पाए गए हितग्राहियों के नाम सूची से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला पंचायत की ओर से इस संबंध में कार्रवाई की जा रही है।
जनपद पंचायतों द्वारा ग्रामसभा के अनुमोदन के साथ अपात्र हितग्राहियों की सूची जिला पंचायत कार्यालय को उपलब्ध कराई गई है। यह सूची संबंधित ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत कार्यालय और जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है, जहां आम नागरिक इसका अवलोकन कर सकते हैं।
प्रशासन ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को सूची में शामिल किसी नाम को लेकर आपत्ति है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत जिला पंचायत बलौदाबाजार-भाटापारा कार्यालय में दावा-आपत्ति जमा कर सकता है। दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त होने वाली आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने सभी संबंधित लोगों से समय-सीमा के भीतर सूची का अवलोकन कर आवश्यक आपत्ति दर्ज कराने की अपील की है।





