छत्तीसगढ़

रायगढ़ में SSP का सख्त आदेश, अपराधियों पर बढ़ेगी कार्रवाई

Shantanu Roy
21 Nov 2026 4:58 PM IST
रायगढ़ में SSP का सख्त आदेश, अपराधियों पर बढ़ेगी कार्रवाई
x
छग
Raigarh. रायगढ़। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने पुलिस नियंत्रण कक्ष रायगढ़ में अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी और शाखा प्रमुख उपस्थित रहे। एसएसपी ने लंबित अपराधों के निराकरण, रात्रि गश्त, चोरी की रोकथाम, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, किराएदार सत्यापन और सड़क सुरक्षा सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की। उन्होंने वर्षांत से पहले थानों में लंबित अपराधों की पेंडेंसी पांच प्रतिशत से कम करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को अगले एक महीने में अधिक से अधिक लंबित मामलों का निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।

एक महीने में लंबित अपराधों का निराकरण करने के निर्देश
बैठक में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस, दीपावली और विभिन्न त्योहार शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद अब पुलिसिंग के लंबित कार्यों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने सामुदायिक पुलिसिंग को गति देने और लंबित मामलों के निराकरण के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करने को कहा। एसएसपी ने नवीन आपराधिक कानूनों के तहत दर्ज अपराधों का निर्धारित 60 और 90 दिनों की समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विवेचना पूरी होने के बाद तैयार चालान को शीघ्र न्यायालय में प्रस्तुत करने और सीसीटीएनएस पोर्टल में आवश्यक प्रविष्टियां दर्ज करने को कहा। लंबित मर्ग प्रकरणों का तीन महीने के भीतर निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।

ठंड में चोरी रोकने के लिए बढ़ेगी रात्रि गश्त
एसएसपी ने कहा कि ठंड के मौसम में चोरी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए रात्रि गश्त अधिक प्रभावी बनाई जाए। आसपास के जिलों में बाहरी गिरोहों की आवाजाही की जानकारी के मद्देनजर संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जिले के पिकनिक स्पॉट और पर्यटन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की नए सिरे से समीक्षा करने को कहा गया। थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों के पर्यटन स्थलों पर नियमित पेट्रोलिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश मिले।

सट्टा कारोबारियों की अवैध संपत्ति जब्ती की तैयारी
बैठक में ऑपरेशन आघात, ऑपरेशन अंकुश, ऑपरेशन प्रहार, अभियान संवेदना और ऑपरेशन शंखनाद की थानावार समीक्षा की गई। एसएसपी ने आबकारी एक्ट, जुआ और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। सक्रिय बदमाशों के विरुद्ध गुंडा और निगरानी बदमाश की फाइल तैयार करने तथा जिला बदर के प्रस्ताव बढ़ाने को कहा गया। सट्टा खाईवालों की अवैध संपत्ति जब्त करने के लिए नवीन कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की तैयारी करने के निर्देश भी दिए गए।

किराएदार सत्यापन और अवैध प्रवासियों पर निगरानी
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में किराएदारों का अनिवार्य सत्यापन कराने के निर्देश दिए। मकान मालिकों को किराएदारों की पूरी जानकारी सिटीजन पोर्टल पर दर्ज कराने के लिए जागरूक करने को कहा गया। इसके साथ ही संदिग्ध रूप से निवासरत बाहरी व्यक्तियों और अवैध प्रवासियों की पहचान तथा दस्तावेजों की जांच करने के निर्देश दिए गए। बिना वैध दस्तावेजों के निवासरत व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने और होटल-लॉज की नियमित जांच करने को भी कहा गया।

फरार आरोपियों की तलाश में तकनीक का होगा उपयोग
एसएसपी ने फरार आरोपियों, वारंटियों और गुमशुदा व्यक्तियों की पतासाजी में NETGRID सॉफ्टवेयर का अधिकाधिक उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुम बालक-बालिकाओं और अन्य गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए परिजनों, परिचितों और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों की सहायता लेने को कहा। सीसीटीएनएस कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रत्येक अपराध में ई-साक्ष्य तैयार करने तथा वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए एसएसपी ने प्रतिदिन अभियान चलाकर तेज रफ्तार वाहनों की जांच करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत अधिकाधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एडिशनल एसपी यातायात पुष्पेंद्र बघेल, डीएसपी उन्नति ठाकुर, सिद्धांत तिवारी, सतीश भार्गव, उत्तम प्रताप सिंह सहित जिले के पुलिस अधिकारी और थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
Next Story