छत्तीसगढ़
एनएचएम भर्ती में देरी पर सख्ती, सीएमएचओ और जिला कार्यक्रम प्रबंधक को नोटिस जारी
Shantanu Roy
26 May 2026 11:10 PM IST

x
छग
Mungeli. मुंगेली। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) अंतर्गत संविदा भर्ती प्रक्रिया में देरी और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा और जिला कार्यक्रम प्रबंधक गिरीश कुर्रे को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जानकारी के अनुसार, एनएचएम द्वारा स्वीकृत संविदा पदों पर भर्ती के लिए शासन स्तर से पूर्व में अनुमति मिलने के बावजूद निर्धारित समय सीमा में पदों की पूर्ति नहीं की जा सकी। इससे स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के संचालन पर असर पड़ा है।
जारी नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि भर्ती प्रक्रिया में देरी के कारण आयुष्मान कार्ड और आभा कार्ड निर्माण के लक्ष्य प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा गैर संचारी रोग कार्यक्रम के तहत मरीजों की पहचान और उपचार कार्यों में भी गति नहीं आ सकी है। डीएमएफ प्रस्तावों की तैयारी, नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए भूमि आवंटन और भवन निर्माण जैसी प्रक्रियाएं भी प्रभावित बताई गई हैं। इसके साथ ही झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई, टीकाकरण अभियान और हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कार्यों में शिथिलता पर भी नाराजगी जताई गई है। प्रशासन ने इसे गंभीर प्रशासनिक चूक माना है।
कलेक्टर ने नोटिस में यह भी उल्लेख किया है कि मुख्य सचिव स्तर से भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई है। नोटिस में दोनों अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। समय पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और समय पर उपलब्धता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन की प्राथमिकता आमजन को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
Tagsमुंगेली समाचारNHM भर्तीसंविदा भर्तीकारण बताओ नोटिसकलेक्टर कुन्दन कुमारस्वास्थ्य विभाग मुंगेलीसीएमएचओ नोटिसप्रशासनिक लापरवाहीछत्तीसगढ़ स्वास्थ्य योजनाआयुष्मान कार्डआभा कार्डजिला प्रशासन कार्रवाईस्वास्थ्य सेवाएंछत्तीसगढ़ न्यूजMungeli NewsNHM RecruitmentContract RecruitmentShow Cause NoticeCollector Kundan KumarHealth Department MungeliCMHO NoticeAdministrative NegligenceChhattisgarh Health SchemeAyushman CardAabha CardDistrict Administration ActionHealth ServicesChhattisgarh News
Next Story





