
सूरजपुर। होलिका दहन के दिन जबलपुर से अंबिकापुर आ रही जबलपुर-अंबिकापुर एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 11265 पर अज्ञात बदमाश युवकों द्वारा पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद रेलवे पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 3 मार्च मंगलवार की रात जब जबलपुर से अंबिकापुर आ रही ट्रेन दर्रीटोला स्टेशन से आगे बढ़ी तभी कुछ शरारती तत्वों ने एसी बोगी पर पत्थरबाजी कर दी। अचानक हुई इस घटना से बोगी में बैठे यात्री घबरा गए। पथराव में बोगी के टफेन्ड ग्लास की ऊपरी सतह के टूटने से दरारें आ गई, हालांकि किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के समय बर्थ पर बिश्रामपुर निवासी सुदर्शन मंडल और सर्वजीत कौर भी सवार थे। यात्रियों ने इसकी सूचना अगले स्टेशन पर स्टेशन प्रबंधक और आरपीएफ को दी।
मामले में आरपीएफ थाना मनेंद्रगढ़ ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 153 के तहत केस दर्ज किया है, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बी. के. चौधरी ने बताया कि पत्थरबाजी करने वालों की तलाश शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक तौर पर यह घटना शरारती तत्वों की करतूत मानी जा रही है।





