
x
छग
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में त्योहारी सीजन से पहले अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रुद्री थाना पुलिस ने ग्राम भटगांव में एक नवनिर्मित मकान में दबिश देकर करीब 1 लाख 20 हजार रुपए के पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, पटाखों का भंडारण बिना वैध लाइसेंस के किया गया था। मामले में एक युवक के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
नवनिर्मित मकान में छिपाकर रखे थे पटाखे
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भटगांव स्थित एक नवनिर्मित मकान में बड़ी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण किया गया है। इन पटाखों को बेचने की तैयारी की जा रही थी। सूचना मिलने के बाद रुद्री पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मकान की जांच की। तलाशी के दौरान विभिन्न कंपनियों के पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने मौके से 10 खाची और एक कार्टून में रखे पटाखे जब्त किए। इनकी अनुमानित कीमत 1 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है।
20 वर्षीय युवक के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी की पहचान शुभम देवांगन (20 वर्ष), निवासी ग्राम भटगांव, थाना रुद्री के रूप में की है। उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक, बिना सुरक्षा मानकों के पटाखों का भंडारण आगजनी और दुर्घटना का कारण बन सकता है।
एसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने सभी थाना प्रभारियों को अवैध पटाखों के भंडारण, परिवहन और बिक्री पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। धमतरी पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि पटाखों का भंडारण एवं बिक्री केवल वैध लाइसेंस और निर्धारित सुरक्षा नियमों के अनुसार करें। अवैध पटाखों की जानकारी मिलने पर पुलिस को तत्काल सूचित करें।
Next Story





