
x
छग
Mungeli. मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिला न्यायालय में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) सतीश कुमार खाखा की अदालत में सुनवाई के दौरान एक आरोपी ने कथित तौर पर न्यायाधीश के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दे दी। इतना ही नहीं, आरोपी कटघरे से कूदकर न्यायाधीश के डायस तक पहुंच गया और वहां लगे सुरक्षा कांच को तोड़ने का प्रयास करने लगा। इस घटना से अदालत परिसर में अफरा-तफरी मच गई। न्यायालय की ओर से मिली लिखित शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
नाम पूछते ही भड़क उठा आरोपी
जानकारी के अनुसार, घटना मुंगेली जिला न्यायालय में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सतीश कुमार खाखा की अदालत में हुई। उस समय सरगांव थाना क्षेत्र में दर्ज हाइवा चोरी के मामले की सुनवाई चल रही थी। इस प्रकरण में आरोपी भगतराम राजपूत को न्यायालय के कटघरे में पेश किया गया था। सुनवाई के दौरान न्यायाधीश ने सामान्य न्यायिक प्रक्रिया के तहत आरोपी से उसका नाम पूछा। आरोप है कि इस सवाल पर भगतराम राजपूत अचानक भड़क गया और न्यायाधीश के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। उसने कथित तौर पर कहा कि कागजात सामने रखे हैं, खुद ही पढ़कर देख लो। इस पर अदालत में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे शांत रहने और न्यायालय की मर्यादा बनाए रखने की समझाइश दी, लेकिन आरोपी पुलिसकर्मियों से भी उलझ गया।
जज की तरफ उंगली उठाकर दी धमकी
शिकायत के अनुसार, आरोपी भगतराम राजपूत ने न्यायाधीश की तरफ उंगली उठाकर धमकी भरे अंदाज में कहा, "तू मेरे को क्या जेल भेजेगा!" इसके बाद आरोपी का व्यवहार और आक्रामक हो गया। वह अचानक लकड़ी के कटघरे से छलांग लगाकर न्यायाधीश के डायस के पास पहुंच गया। वहां लगे सुरक्षा कांच को हाथों से जोर-जोर से झकझोरने लगा और उसे तोड़ने का प्रयास किया। इस अप्रत्याशित घटना से कोर्ट रूम में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद अधिवक्ता, पक्षकार और न्यायालयीन कर्मचारी सकते में आ गए। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारियों के साथ भी आरोपी ने गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया।
न्यायालय की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
घटना को गंभीरता से लेते हुए न्यायालय की ओर से प्रस्तुतकार शत्रुहन बेलदान ने सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी भगतराम राजपूत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 296, 351 सहित अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर न्यायालयीन कार्यवाही में बाधा डालने, अभद्र व्यवहार करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं। मामले में न्यायालय के कर्मचारियों के साथ किए गए कथित दुर्व्यवहार को भी शिकायत में शामिल किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
न्यायालय में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी भगतराम राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि न्यायालय में इस प्रकार का आपराधिक कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि न्यायालय के प्रस्तुतकार के माध्यम से लिखित शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता
जिला न्यायालय के भीतर सुनवाई के दौरान हुई इस घटना ने न्यायालयीन सुरक्षा को लेकर भी चिंता पैदा कर दी है। कटघरे से निकलकर आरोपी का न्यायाधीश के डायस तक पहुंचना और सुरक्षा कांच को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास करना गंभीर मामला माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि न्यायिक कार्यवाही में बाधा डालने और न्यायालय के अधिकारियों को धमकाने जैसे मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और प्रकरण में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Next Story





