छत्तीसगढ़

खाद की बोरी चोरी करना पड़ा महंगा, आरोपियों का पूरे गांव में निकाला जुलूस

Shantanu Roy
10 Sept 2026 1:41 PM IST
खाद की बोरी चोरी करना पड़ा महंगा, आरोपियों का पूरे गांव में निकाला जुलूस
x
छग
Mainpur. मैनपुर। गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लॉक में ओडिशा सीमा से लगे झोलाराव गांव में खाद की दो बोरियां चोरी करने के आरोप में दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद दोनों के कंधों पर कथित रूप से चोरी की गई खाद की बोरियां रखकर और कमर में रस्सी बांधकर पूरे गांव में जुलूस निकाला गया। इस दौरान ग्रामीण ढोल-नगाड़े बजाते हुए पीछे चलते रहे। घटना से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया तथा वॉट्सऐप ग्रुपों में सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि स्थानीय पुलिस और सरपंच ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया है।

जानकारी के मुताबिक घटना झोलाराव गांव की है। आरोप है कि मंगलवार रात गांव के ही एक किसान के घर से खाद की दो बोरियां चोरी हो गई थीं। इसके बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई। बुधवार को ग्रामीणों ने प्रभु और कृष्णा नाम के दो युवकों को कथित चोरी के मामले में पकड़ा। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने दोनों के पास से खाद की दोनों बोरियां भी बरामद कर लीं। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों युवकों को सार्वजनिक रूप से गांव में घुमाने का फैसला किया। दोनों के कंधों पर खाद की एक-एक बोरी रखी गई और कमर में रस्सी बांध दी गई। ग्रामीण ढोल-नगाड़ों के साथ उनके पीछे चलते रहे।

इस दौरान कथित चोरी और दी जा रही सार्वजनिक सजा का ऐलान भी किया जाता रहा। गांव में अचानक निकले इस जुलूस को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकल आए। महिलाओं और बच्चों ने भी जुलूस देखा। इस पूरे घटनाक्रम की तस्वीरें और वीडियो बनाए जाने की बात सामने आई है, जो बाद में वॉट्सऐप ग्रुपों में साझा किए गए। मामले को लेकर गौरगांव के सरपंच चिमन नेताम ने बताया कि उन्होंने वॉट्सऐप ग्रुप पर इससे संबंधित तस्वीरें और वीडियो देखे हैं। वीडियो में ग्रामीण कुछ लोगों का जुलूस निकालते नजर आ रहे हैं। हालांकि सरपंच ने कहा कि घटना के संबंध में उनके पास प्रत्यक्ष या विस्तृत जानकारी नहीं है।

दूसरी ओर शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा ने भी घटना की जानकारी नहीं होने की बात कही है। ऐसे में समाचार लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो सका था कि कथित चोरी या युवकों को इस तरह गांव में घुमाए जाने को लेकर पुलिस के पास कोई शिकायत दर्ज कराई गई है या नहीं। मामले में दो युवकों पर खाद चोरी का आरोप ग्रामीणों की ओर से लगाया गया है। पुलिस स्तर पर आरोपों की पुष्टि या किसी वैधानिक कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं ग्रामीणों द्वारा कथित आरोपियों को रस्सी बांधकर सार्वजनिक रूप से घुमाने की घटना भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
Next Story