छत्तीसगढ़

गुरु बालक दास की मूर्ति खंडित, फिंगेश्वर थाने पहुंचे सैकड़ों लोग

Shantanu Roy
1 Oct 2026 4:58 PM IST
गुरु बालक दास की मूर्ति खंडित, फिंगेश्वर थाने पहुंचे सैकड़ों लोग
x
छग
Gariaband. गरियाबंद। जिले के फिंगेश्वर क्षेत्र में सतनामी समाज के आराध्य गुरु बालक दास की मूर्ति खंडित किए जाने के बाद समाज के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में महिला और पुरुष एकजुट होकर फिंगेश्वर थाना पहुंचे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। थाने के बाहर बड़ी संख्या में पहुंचे समाज के लोगों ने घटना को लेकर विरोध जताया। इस दौरान लोगों ने मूर्ति खंडित करने वालों की जल्द पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की। समाज के लोगों का कहना है कि उनके आराध्य गुरु की मूर्ति को नुकसान पहुंचाया जाना गंभीर मामला है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

घटना के बाद सतनामी समाज के महिला और पुरुष लामबंद हो गए। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं की गई तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। मूर्ति खंडित किए जाने की खबर फैलने के बाद फिंगेश्वर क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए फिंगेश्वर थाना परिसर के साथ ही घटनास्थल पर भी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। थाने पहुंचे लोगों को समझाइश देने के साथ मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया। वहीं समाज के लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। सतनामी समाज के लोगों का कहना है कि आराध्य गुरु से उनकी गहरी आस्था जुड़ी हुई है और इस तरह की घटना से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। फिलहाल पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित रखने का प्रयास किया जा रहा है। समाज के लोगों ने स्पष्ट किया है कि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं होने पर वे आगे बड़ा आंदोलन कर सकते हैं। अब पुलिस की जांच और दोषियों की पहचान पर सभी की नजर बनी हुई है।
Next Story