छत्तीसगढ़

राज्य सरकार दो साल में हर मोर्चे पर विफल, अब होगा विरोध

HARRY
9 Dec 2020 5:43 AM GMT
राज्य सरकार दो साल में हर मोर्चे पर विफल, अब होगा विरोध
x

छग प्रभारी डी पुरंदेश्वरी के नेतृत्य में भाजपा ने तैयार की 3 साल की

रायपुर (जसेरि)। छत्तीसगढ़ भाजपा की स्थिति का जायजा लेने पहुंची नई प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी और सह संगठन प्रभारी नितिन नवीन ने अपना काम पूरा कर लिया है। 2 दिनों तक लगातार कई तरह की बैठकें हुई। तमाम नेताओं से चर्चाएं हुई और राष्ट्रीय स्तर के इन नेताओं ने संगठन को आगे आने वाले दिनों में किस तरीके से काम करना है इसकी भी जानकारी दी है। मंगलवार की दोपहर बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई जिसमें नई प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने मीडिया से बातचीत की।डी पुरंदेश्वरी ने साफ तौर पर कहा कि 15 साल की सरकार अब जो विपक्ष में है तो कई तरह की कमियों पर समीक्षा हुई है, लेकिन कमियां अंदर की बात है मैं इन्हें मीडिया में नहीं बताऊंगी। 15 साल तक हमारी सरकार थी, लोग बदलाव चाहते थे और कांग्रेस लोकलुभावन घोषणा पत्र लेकर आई। जो कि अब झूठ साबित हो रहे हैं और तमाम वादों को सरकार पूरा करने में कामयाब नहीं हो सकी है। हार की समीक्षा की गई है कारणों का हमने पता लगाया है और अब आने वाला चुनाव भाजपा का होगा। हम लोगों के मुद्दों पर चुनाव लड़कर वापस से वापस सत्ता में आएंगे।

3 साल का रोडमैप तैयार

संगठन के सह प्रभारी नितिन नवीन ने कहा कि सरकार लगभग 2 साल पूरे कर चुकी है आधा कार्यकाल सरकार पूरा करने की ओर है और अब जो समय बचा है उसमें भारतीय जनता पार्टी सरकार को हर मोर्चे पर घेरने का काम करेगी। जनता से जुड़े हुए मुद्दों को बूथ स्तर पर लोगों के बीच पहुंचा कर सरकार की नाकामियों को लोगों को बताया जाएगा और 2023 के मिशन पर भारतीय जनता पार्टी काम करेगी ।

छत्तीसगढ़ की कांग्रेस की सरकार दो साल में ही फेल

भाजपा प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस दो साल में ही फेल हो गई है। उन्होंने सीएम भूपेश बघेल से सवाल किया कि एक साल में ही छत्तीसगढ़ में 234 किसानों ने आत्महत्या की है, फिर कांग्रेस कैसे किसान हितैषी हो गई? आज किसान सवाल पूछ रहे हैं कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले जो वादे किए थे, वे पूरे नहीं किए हैं। युवा ये सवाल पूछ रहे हैं कि उन्हें बेरोजगारी भत्ता नहीं मिल रहा है। रेप की 500 घटनाएं हो चुकी हैं। इन सबका सीएम बघेल को जवाब देना चाहिए। पुरंदेश्वरी ने कहा कि 2023 में जनता के मुद्दों को उठाकर भाजपा फिर से सत्ता में आएगी। भाजपा ने सरकार को दो साल का समय दिया, अब सड़क पर उतरकर मुद्दे उठाएंगे। भाजपा की 15 साल की सरकार के बाद कांग्रेस के घोषणा पत्र को देखकर लोगों ने बदलाव किया, लेकिन कांग्रेस ने ज्यादातर वादा नहीं निभाया। अब कांग्रेस सरकार को यह बोलने का हक नहीं है। भाजपा प्रभारी ने कहा कि कृषि बिल किसानों के हित में हैं। कांग्रेस भी पहले एपीएमसी एक्ट खत्म करने, आवश्यक वस्तु अधिनियम में संशोधन के पक्ष में थी। अब किसानों को भड़का रहे हैं।

कुछ कमियां सामने आईं, उन्हें दूर करेंगे

भाजपा प्रभारी पुरंदेश्वरी व सह प्रभारी नितिन नवीन ने कहा कि दो दिन की लगातार बैठकों के बाद कई बातें सामने आई हैं। जो कमियां थीं, उन्हें दूर करेंगे। उन्होंने कहा कि यह पार्टी का अंदरूनी मामला है, इसे मीडिया को नहीं बताएंगी। नेताओं और कार्यकर्ताओं में समन्वय के सवाल पर प्रभारी ने कहा कि अनुभव और नई सोच के साथ संगठन की मजबूती के लिए काम करेंगी।

Next Story