छत्तीसगढ़

डीडीनगर इलाके में चाकूबाजी, पीड़ित की हालत नाजुक

Nilmani Pal
14 Dec 2025 1:35 PM IST
डीडीनगर इलाके में चाकूबाजी, पीड़ित की हालत नाजुक
x

रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोगी बंगला बस्ती में चाकूबाजी की एक गंभीर घटना सामने आई है। इस वारदात में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

मामले की जानकारी देते हुए डीडीनगर थाना प्रभारी रविंद्र यादव ने बताया कि घायल युवक की पहचान सरवर ख़ान पिता नासिर ख़ान के रूप में हुई है, जो जोगी बंगला बस्ती, डीडीनगर का निवासी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सरवर ख़ान पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने चाकू से हमला किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही डीडीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से एम्स अस्पताल भेजा गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, सरवर ख़ान की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या अन्य कोई कारण तो नहीं है। पुलिस द्वारा संदिग्धों की तलाश की जा रही है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। बस्तीवासियों का कहना है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिस पर पुलिस को सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए। थाना प्रभारी रविंद्र यादव ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Next Story