छत्तीसगढ़
तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे बैठी गायों को कुचला, तीन की मौत
Shantanu Roy
13 April 2026 7:09 PM IST

x
छग
Durg. दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे बैठी गायों को कुचल दिया। इस घटना में तीन गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गायें गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद इलाके में तनाव फैल गया और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर विरोध जताया। यह घटना उतई थाना क्षेत्र के आदर्श नगर बावापारा की है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे पउवारा से उतई की ओर जा रहा ट्रक (क्रमांक CG08L2489) तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाया जा रहा था। इसी दौरान चालक ने सड़क किनारे बैठी गायों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि तीन गायों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य गायों के पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। ट्रक में लकड़ी लोड थी, जिसे जब्त कर थाने में खड़ा कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है और वाहन चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और आक्रोशित होकर सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर पहले भी तेज रफ्तार वाहनों की वजह से कई हादसे हो चुके हैं, जिसमें आवारा मवेशियों को नुकसान पहुंचा है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क पर स्पीड कंट्रोल और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाए। घटना की सूचना मिलने पर पाटन एसडीओपी अनुप लकड़ा और उतई थाना प्रभारी महेश ध्रुव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। करीब रात 11:30 बजे प्रशासन और पुलिस की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया और सड़क को यातायात के लिए खोल दिया गया। इसके बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो गई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल गायों के इलाज की व्यवस्था भी की जा रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
Next Story





